विद्यालय में बच्चों से धुलवाए जा रहे झूठे बर्तन
रामराज (मुजफ्फरनगर)। शिक्षक ही बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करें तो बच्चों के भविष्य नहीं संवर सकता। रामराज क्षेत्र के एक गांव में शिक्षकों द्वारा प्राईमरी के बच्चों से झूठे बर्तन धुलवाए जा रहे हैं। जबकि नियमानुसार इसके लिए अलग से कर्मचारी की नियुक्ति होती है।
उत्तर प्रदेश सरकार बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए पूरी तरह प्रयासरत है तथा उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा स्कूली बच्चों के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। सरकार की इन्हीं योजनाओं में एक योजना मध्याह्न भोजन है। जिसमें सरकार द्वारा प्राथमिक विद्यालयों में स्कूल के बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था की जाती है। भोजन बनाने के लिए व बर्तनों की साफ सफाई के लिए कर्मचारियों की नियुक्ति की जाती है। परंतु कुछ विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों द्वारा इस योजना को पलीता लगाया जा रहा है। रामराज थाना क्षेत्र के गांव रहड़वा जदीद के प्राथमिक विद्यालय के प्रधान अध्यापक द्वारा स्कूल के बच्चो़ से झूठे बर्तन धुलवाए जा रहे है़
रामराज थाना क्षेत्र के गांव रहड़वा जदीद के प्रधानाध्यापक द्वारा खुलेआम योजना को पलीता लगाया जा रहा है। प्रधान अध्यापक द्वारा विद्यालय प्रांगण में छात्र-छात्राओं से झूठे बर्तन धुलवाए जा रहे हैं। इस घटना को कैमरे में कैद करने पहुंचे मीडिया कर्मियों को देखकर प्रधानाध्यापक ने झूठे बर्तन धोते बच्चों से बर्तन छीन लिए।
जब प्रधान अध्यापक से जानकारी की तो वह कोई जवाब नहीं दे पाए। इस संबंध में एबीएसए जानसठ सविता डबराल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी।