संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारी शुरू हो गई है। बोर्ड ने इंटरमीडिएट-2024 की प्रयोगात्मक परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जाएंगी।
जिले में 25 जनवरी से एक फरवरी तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रधानाचार्यों को प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में करानी होगी। परीक्षाओं की रिकॉर्डिंग डीवीआर में सुरक्षित रखी जाएगी। हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाएं पिछले साल की तरह ही विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर कराई जाएगी। हाईस्कूल के व्यक्तिगत परीक्षार्थी अपने अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य से संपर्क कर प्रयोगात्मक परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
इसके अलावा विद्यालय स्तर पर आयोजित कराई जाने वाली कक्षा 12 की प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं पांच से 12 जनवरी के बीच प्रधानाचार्यों की ओर से कराई जाएंगी। कक्षा नौ व 11 की वार्षिक परीक्षाएं और कक्षा 10 व 12 की प्री बोर्ड की लिखित परीक्षाएं 13 से 22 जनवरी के बीच कराई जाएगी।