मुजफ्फरनगर। यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट और हाई स्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में शामिल नहीं होने वाले 369 शिक्षकों को नोटिस जारी कर दिया गया है। इन शिक्षकों को अनुपस्थित होने के कारणों का तीन दिन में साक्ष्यों के साथ लिखित में जवाब देना होगा।
डीआईओएस गजेंद्र कुमार ने बताया कि शहर के दो इंटर कॉलेजों में इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो रहा है। इनमें राजकीय इंटर कॉलेज और डीएवी इंटर कॉलेज शामिल हैं। शहर के तीन इंटर कॉलेजों में कक्षा दस की यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो रहा है।
इनमें इस्लामिया, एसडी और छोटूराम इंटर कॉलेज शामिल है। इंटरमीडिएट के मूल्यांकन केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज में दूसरे दिन 132 परीक्षक अनुपस्थित रहे। डीएवी इंटर कॉलेज में 86 परीक्षक गैर हाजिर रहे। इससे दोनों मूल्यांकन केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन प्रभावित हुआ है। हाईस्कूल के मूल्यांकन केंद्र इस्लामिया इंटर कॉलेज में दूसरे दिन 36 परीक्षक अनुपस्थित रहे हैं।
एसडी इंटर कॉलेज में 62 परीक्षक मूल्यांकन केंद्र पर नहीं पहुंचे। छोटूराम इंटर कॉलेज में 53 परीक्षक गैर हाजिर रहे। गैर हाजिर चल रहे सभी शिक्षकों को नोटिस जारी कर दिया गया है। अनुपस्थिति का कारण साक्ष्यों सहित लिखित में जवाब देना होगा। तीन दिन में जवाब नहीं देने पर विभागीय कार्यवाही कर दी जाएगी।
डीआईओएस ने बताया कि पांचों मूल्यांकन केंद्रों पर 1500 शिक्षकों को लगाया गया है। इस समय सभी विद्यालयों में प्रयोगात्मक परीक्षा चल रही है। जो शिक्षक नहीं आ पा रहे इनमें से कुछ प्रयोगात्मक परीक्षा ले रहे है। ऐसे शिक्षकों को कार्रवाई से छूट मिलेगी।