मुजफ्फरनगर। खालापार से तीन दिन पूर्व अपह्त 11 वर्षीय बालक जकी की तलाश में पुलिस की पांच टीम लगी है। अभी बालक का सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस की एक टीम ने खालापार में पहुंच कर मौका मुआयना कर वहां का नक्शा भी बनाया। जबकि अन्य टीम भी कार्रवाई में जुटी है।
जोहड़ वाली मस्जिद के पास रहने वाले टाइल्स-पत्थर लगाने वाले अरशद का 11 वर्षीय बेटे का जकी एक युवक अपहरण कर ले गया है। जकी को अपने साथ लेकर जाता युवक सीसीटीवी में कैद हुआ है। इसी आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बालक की तलाश शुरू की है। एसपी सिटी ने बालक की तलाश में पांच टीम बनाई है। पुलिस टीम ने खालापार से फक्करशाह चौक, मीनाक्षी चौक, सूजडू चुंगी, वहलना के बाद मेरठ बेगम पुल तक सीसीटीवी खंगाले है। अभी बालक का सुराग नहीं मिला है। रविवार को इस मुकदमे के विवेचक दारोगा सतपाल सिंह ने खालापार पहुंचे। जिस जगह से बालक को ले जाया गया और यह मामला सीसीटीवी में कैद हुआ, दारोगा सतपाल सिंह ने वहां का मौका मुआयना किया। आसपास रहने वाले लोगों से भी जानकारी ली। सीसीटीवी भी देखा।
बेटे की तलाश में जुटा पिता
जिस दिन से बालक जकी का अपहरण हुआ है, तभी से परिजन हो या फिर रिश्तेदार या आसपास रहने वाले लोग, सभी परेशान है। जकी का पिता अरशद बेटे को तलाश में जुटा है।
टैंपों चालकों से पूछताछ
जकी को अपहरण करने वाला आरोपी युवक व बालक मीनाक्षी चौक व सूजडू चुंगी के पास दो अलग अलग टैंपों में बैठते दिख रहे है। पुलिस ने टैंपों चालकों का पता लगाकर उनसे पूछताछ की है, लेकिन वह कोई महत्वपूर्ण जानकारी नहीं दे पाए है।