संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जनपद में ऊर्जा निगम ने एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) लागू की है। 15 दिसंबर से शुरू हुई योजना का लाभ लेने के लिए दूसरे चरण के अंत तक जनपद के एक लाख से अधिक उपभोक्ता पंजीकरण करा चुके हैं। दूसरा चरण आज समाप्त हो रहा है। योजना के तहत ऊर्जा निगम बकाया विद्युत बिल के 100 करोड़ वसूल कर भी लक्ष्य से काफी पिछड़ गया है।
ऊर्जा निगम ने विद्युत उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत देने के लिए जनपद में 15 दिसंबर 2024 से 31 जनवरी 2025 तक एकमुश्त समाधान योजना लागू की थी। योजना में जनपद के घरेलू, वाणिज्यिक, निजी संस्थान और औद्योगिक श्रेणी के 4.48 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को 30 सितंबर 2024 तक के बकाया विद्युत बिलों के सरचार्ज में छूट का लाभ दिया जा रहा है।
विद्युत उपभोक्ताओं पर निगम का 400 करोड़ बकाया : जनपद के घरेलू सहित अन्य विद्युत उपभोक्ताओं पर बकाया बिल के रूप में ऊर्जा निगम का 400 करोड़ से अधिक रुपया बकाया था।