सामाजिक बुराइयां करें खत्म, बच्चों को करें शिक्षित
मुजफ्फरनगर, शाहपुर । क्षेत्र के गांव कसेरवा में जाट मुस्लिम महासम्मेलन में सामाजिक बुराइयों को दूर करने के अलावा सामाजिक भाईचारा, शिक्षा और स्वास्थ्य पर बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के लोग एकजुट होकर राजनीति में आगे बढ़ने का कार्य करें।
गांव कसेरवा में ग्राम प्रधान चौधरी परवेज आलम द्वारा आयोजित महासम्मेलन में मौलाना जौहर अली यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर और समाजसेवी डॉ. लुकमान अली ने कहा कि समाज के लोग समाज में व्याप्त बुराइयों को दूर करें। साथ ही अपने बच्चों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए उन्हें उच्च शिक्षा दिलाने का कार्य करें। समाज के लोगों में यदि कोई विवाद हो जाता है, तो पुलिस और कोर्ट कचहरी में न जाकर सामाजिक तरीके से आपस में बैठकर विवाद को सुलझाने का कार्य करें।
समाजसेवी डॉ. यूनुस चौधरी ने कहा कि समाज के लोग दहेज प्रथा के अलावा शादी विवाह में अनावश्यक खर्च आदि पर अंकुश लगाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि समाज के लोग एकजुट होकर राजनीति में आगे बढ़ने का कार्य करें। समाज के लोगों की राजनीति में हिस्सेदारी होगी तो समाज आगे बढ़ेगा। ग्राम प्रधान के भाई नावेद आलम ने सम्मेलन में समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने के अलावा गांव में मरीजों को लाने ले जाने के लिए निशुल्क दो एंबुलेंस व युवाओं को खेल के लिए पांच बीघा जमीन देने के साथ गांव में पांच निर्धन कन्याओं का विवाह कराने की बात कही।
अध्यक्षता मौलाना तराबुद्दीन ने और संचालन शोएब आलम ने किया। सम्मेलन को डॉ. आस मोहम्मद, नूर मोहम्मद, डॉ. यूसुफ चौधरी असारा, जयाउल हसन प्रधान, चौधरी साबुद्दीन, चौधरी शमशाद, आरिफ चौधरी, अब्दुल जब्बार, उमेद अली, चौधरी फारूख, मोहम्मद अली मौजूद रहे।