प्रसिद्ध सिद्धपीठ कच्चा पक्का शिव मंदिर तालाब परिसर से अतिक्रमण हटाओ अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। एसडीएम जानसठ उमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि तालाब परिसर से अतिक्रमण हटाने के बाद तालाब के चारों ओर पौधरोपण और सुंदरीकरण कराया जाएगा।
डीएम से की गई शिकायत के आधार पर तहसील प्रशासन, पुलिसबल तथा नगर पंचायत पूरी तरह सक्रिय हो गया है। करीब 50 वर्षों से किए गए अतिक्रमण हटाने का अभियान शनिवार की सुबह से शुरू कर दिया गया। यह अभियान देर रात तक जारी रहा और रविवार को दिन निकलते ही महाबली फिर सक्रिय हो गए।
आज पूरे दिन जेसीबी मशीनों ने तालाब परिसर में मलबा डालकर बनाए गये प्लाट को उजाड़ दिया। तालाब के आसपास बने अस्थायी निर्माण को लोगों ने स्वयं हटाना शुरू कर दिया, जबकि 26 लोगों के पक्के बने मकानों को ध्वस्त करने की तैयारी कर ली गई है। प्रशासन की कार्रवाई के चलते अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मचा है।