संचारी रोग नियंत्रण के लिए प्रचार-प्रसार पर जोर
जानसठ। संचारी रोग नियंत्रण अभियान कार्यक्रम के तहत ब्लॉक जानसठ के सभागार में ग्राम प्रधानों, ग्राम प्रतिनिधियों और पंचायत अधिकारियों के साथ यूनिसेफ के अधिकारियों ने बैठक हुई। जिसमें डिस्ट्रिक्ट मोबिलाइजर कोआर्डिनेटर तरन्नुम जहां ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान और तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जनसंपर्क और जन जागरण अभियान चलाकर लोगों को संचारी रोग नियंत्रण अभियान की जानकारी देनी है। सभी ग्राम पंचायत स्तर पर साफ सफाई, हाथ धोना, शौचालय की सफाई तथा घर से जल निकासी हेतु प्रचार प्रसार करना। उन्होंने सभी ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि खराब इंडिया मार्क दो हैंडपंप की मरम्मत तथा निरंतर क्रियाशील रखना और उसके चारों तरफ पक्का चबूतरा बनवाना सुनिश्चित करें। सामुदायिक वाटर फिल्टर, व्यक्तिगत वाटर फिल्टर, तथा वाटर पंपयुक्त टैंक, टाइप स्टैंड पोस्ट की स्थापना माइक्रो फाइनेंस योजनाओं के द्वारा पेयजल स्रोतों/संसाधनों से शौचालयों की दूरी के उपाय, शौचालय/सीवर से पेयजल प्रदूषित न होने देने के लिए आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान को नियंत्रित करने के लिए 11 विभाग स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर कार्य कर रहे हैं। जानसठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. अशोक कुमार, नायब तहसीलदार डॉ. जसविंदर सिंह, बीडीओ संत प्रकाश सिंह ने भी विचार रखे।