डेंगू के आठ मरीज मिले
मुजफ्फरनगर। जिले में डेंगू का प्रकोप जारी है। स्वास्थ्य विभाग की जांच में 8 नए मरीज मिले, अब मरीजों की संख्या 233 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में जागरूकता अभियान चलाया। सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार का कहना है कि कोई सक्रिय केस नहीं है। बीमारी की पूरी तरह निगरानी की जा रही है।
सीएमओ का कहना है कि बुखार और अन्य संक्रामक बीमारियों की जांच के लिए घर-घर अभियान चल रहा है । स्वास्थ्य कर्मी लोगों को जागरुक कर रहे हैं। जिला अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचे 40 संदिग्ध लोगों की जांच कराई गई थी, इनमें 8 को डेंगू की पुष्टि हुई है। सीएमओ का कहना है कि जिले में डेंगू का सक्रिय केस नहीं है। लोगों को जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है।
एंटी लार्वा का छिड़काव कराया
स्वास्थ्य विभाग, जिला पंचायत और नगर पंचायतों की ओर से जिले के विभिन्न कसबों और गांवों में एंटी लार्वा का छिडक़ाव कराया गया। लोगों से आह्वान किया गया कि अपने घरों के आसपास पानी एकत्र न होने दें। डेंगू का मच्छर दिन में काटता है, इसलिए और अधिक जागरूक होने की जरूरत है।
मच्छरों से बचा सकता है ड्रैगन फ्लाई
सनातन धर्म कॉलेज के जूलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. शेखर नायक का कहना है कि ड्रैगन फ्लाई नाम का कीट मच्छरों से बचाता है। मच्छरों पर नियंत्रण के लिए प्राकृतिक जैव नियंत्रकों का सहारा लिया जा सकता है। इनके लार्वा पानी और तालाबों में मिलते हैं। यह मच्छरों के लार्वा को खाते हैं। वर्तमान में पर्यावरण मित्र की अवधारणा को आगे बढ़ाकर बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सकता है। मच्छर जनित बीमारियां जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, फाइलेरिया से बचा जा सकता है, लेकिन इसके लिए प्रकृति को जानना और उसके नजदीक जाने की जरूरत होती है।