ईद की मिठास रह गई फीकी
मुजफ्फरनगर, मीरापुर। लॉकडाउन में ईद की मिठास फीकी रह गई। मुस्लिम समाज के लोगों ने फोन पर ही एक-दूसरे को बधाई दी। बच्चे न मेले का आनंद ले सके और न ही झूला झूल पाए। नमाज घरों में रहकर ही अदा की गई।
मीरापुर में मस्जिदों में उनके इमाम या मुतवल्ली के साथ चार या पांच लोगों ने ही ईद की नमाज अदा की। शाही जामा मस्जिद में इमाम मौलाना अरशद कासमी ने व मस्जिद चांद-तारा में मौलाना मजरूह ने पांच व्यक्तियों के साथ ईद की नमाज अदा कराई। ईद की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन भी सुबह से ही अलर्ट रहा। पुलिस नगर व ईदगाह पर गश्त करती रही। इंस्पेक्टर एचएन सिंह ने बताया कि ईद पर लोगों ने घरों में ही ईद की नमाज अदा की।
भौराकलां। कस्बा सिसौली, भौराकलां, शिकारपुर, कपूरगढ़ व क्षेत्र के अन्य गांवों में ईद-उल-फितर की नमाज घरों में ही अदा की गई। इस बार ईद पर न तो कहीं मेला लगा और न ही बच्चे झूला झूल सके। उधर, छपार में गांव छपार, बसेड़ा, भेसरहेड़ी, खुड्डा, खामपुर, बढ़ीवाला, कासमपुर व दतियाना आदि में मुस्लिमों ने घरों में ही नमाज अदा की। प्रभारी निरीक्षक पवन शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में लाकडाउन का पालन करते हुए नमाज अदा की गई।
ईदगाह सूने पड़े रहे
भोपा इलाके के गांवों में भी ईद-उल-फितर की नमाज घरों में ही अदा की गई। ईदगाह सूने पड़े रहे। बेहड़ा थ्रू सहित कई गांव पर भोपा पुलिस की कड़ी निगरानी रही। सीओ राममोहन शर्मा, थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार लगातार क्षेत्र में गश्त करते रहे। एसपी देहात नेपाल सिंह ने भी भोपा, मोरना, ककरौली आदि क्षेत्र का भ्रमण किया।
अमन चैन की दुआ मांगी
चरथावल। कस्बे एवं देहात में ईद का त्योहार घरों में मनाया गया। अकीदतमंदों ने घरों में रहकर नमाज अदा की और देश में वैश्विक महामारी कोरोना से मुक्ति और अमन चैन की दुआ मांगी। कुटेसरा, दधेडू, सैद नंगला, लुहारी, नंगला राई, डिनरधना आदि में पुलिस भ्रमण कर चौकसी बरती। सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री मुकेश चौधरी, पूर्व चेयरमैन सुधीर सिंघल, तनवीर अहमद एडवोकेट, नौशाद त्यागी, सभासद सत्तार त्यागी, असलम त्यागी, सलीम त्यागी आदि ने सोशल मीडिय़ा के माध्यम से लोगों को ईद की मुबारकबाद दी।
लॉकडाउन का पालन करने की अपील
पुरकाजी। कस्बे व देहात क्षेत्र में ईद का त्योहार सादगी के साथ मनाया गया। मुस्लिमों ने घरों पर ही ईद की नमाज अदा कर देश दुनिया में अमन चैन की दुआ की। कुछ लोगों ने ईदगाह के पास बने कब्रिस्तान में जाकर अपने बुजुर्गों की कब्र पर दुआ की। एसडीएम सदर दीपक कुमार, सीओ सदर कुलदीप कुमार ने पुलिस फोर्स के साथ कस्बे का भ्रमण कर लोगों से लॉकडाउन का पालन करने की अपील की।
ईद मिलन समारोह में दी गई ईद की शुभकामनाएं
शाहपुर। ईद की नमाज घरों में ही अदा की गई। कस्बे में आयोजित ईद मिलन समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमेश सैनी, सभासद उमेश गोयल, मनोज सैनी के अलावा विधायक प्रतिनिधि सचिन सिंघल व भाजपा नेता कपिल सैनी ने शिरकत कर ईद की शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्यामलाल बच्ची सैनी ने भी कस्बे में आयोजित ईद मिलन समारोह में शामिल होकर ईद की मुबारकबाद दी। दूसरी ओर, थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने पुलिस बल के साथ कस्बे व देहात में गश्त कर मुस्लिम समाज के लोगों से लॉकडाउन के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील की।
ईद पर की विश्व शांति की कामना
मुजफ्फरनगर। जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल के बच्चों ने घर पर रहकर ईद मनाते हुए विश्व शांति की कामना की। विद्यालय की अध्यापिकाओं ने बच्चों को ईद का महत्व बताते हुए इसको मनाने का तरीका भी बताया। इस अवसर पर बच्चों ने संगीत के साथ नृत्य का भी आनंद लिया। प्रधानाचार्या मीनू अरोड़ा ने सभी को ईद की मुबारकबाद दी। उन्होंने सभी से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील की।
चरथावल में ईदुल फितर की नमाज के दौरान मस्जिद के सामने तैनात पुलिस बल- फोटो : MUZAFFARNAGAR
भोपा में ईदगाह पर तैनात पुलिसकर्मी।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
ईद पर सुनसान पड़ी सिसौली की ईदगाह।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
लॉकडाउन के चलते बंद रहा नगर के ईदगाह का मुख्य द्वार।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
लॉकडाउन के चलते आज ईद पर सूना दिखा नगर का ईदगाह।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मीरापुर में घर पर ही सोशल डिस्टेंस बनाकर ईद की नमाज अदा करते मुस्लिम समुदाय के लोग।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
खालापार में घरों में सोशल डिस्टेसिगं के साथ ईद की नमाज अता करते बच्चे।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
सिखेड़ा के गांव भिक्की में अपने घर के अंदर ईद की नमाज पढ़ते मुस्लिम समाज के लोग।- फोटो : KHATAULI
जानसठ में ईद की नमाज को लेकर पुलिस बल तैनात।- फोटो : KHATAULI
खतौली में घर के अंदर ईद की नमाज पढ़ते रोजेदार।- फोटो : KHATAULI