अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि 2014 से पहले आने वाले विदेशी मेहमानों को देश में झोंपड़ियां दिखाई जाती थीं, लेकिन अब युवाओं का कौशल और प्रगति दिखाई जा रही है। एक राष्ट्र एक चुनाव जरूरी है। दुनिया में यूपी जैसी विधानसभा नहीं है।
शहर के भोपा रोड स्थित होटल में आईआईए की ओर से आयोजित यूपी को एक ट्रिलियन अर्थव्यवस्था बनाने में एमएसएमई की सहभागिता विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधानसभा अध्यक्ष, कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल और आईआईए अध्यक्ष पवन कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महाना ने कहा कि देश प्रगति के नए पथ पर है। पहले उद्योग लगाने के लिए उद्यमी अपने बच्चों को विदेश भेजने की बात करते थे, अब अपने देश में ही काम करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। मुजफ्फरनगर में दंगा हुआ तो उद्योग और उद्यमियों को नुकसान हुआ, लेकिन वर्तमान की कानून व्यवस्था से उद्योग जगह बेहद सुरक्षित महसूस कर रहा है।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि उनकी हर समस्या का समाधान कराया जाएगा। आईआईए के चेयरमैन पवन कुमार गोयल ने जिले के उद्यमियों की समस्याएं रखीं। सचिव अमित जैन, कोषाध्यक्ष अनुज स्वरूप बंसल, नीरज केडिया, कुशपुरी, डॉ. एससी कुलश्रेष्ठ, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी समेत अन्य उद्यमी मौजूद रहे। संचालन विपुल भटनागर ने किया।
n शिक्षा ऋषि की समाधि पर जाएंगे महाना : मोरना मंे विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना भागवत पीठ श्री शुकदेव आश्रम में शिक्षा ऋषि वीतराग स्वामी कल्याणदेव के समाधि मंदिर में श्रद्धाजंलि अर्पित करेंगे। अक्षय वट की पूजा, शुकदेव मंदिर में पूजा अर्चना कर पीठाधीश्वर स्वामी ओमानन्द महाराज से भेंट करेंगे।