तेज रफ्तार से वाहन चलाना जिंदगी पर पड़ा भारी. तीन की मौत
मुजफ्फरनगर। होलिकोत्सव पर तेज रफ्तार से बाइक चलाना युवकों की जान पर भारी पड़ गया। जिले में हुए सड़क हादसों में किशोर सहित तीन लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल हो गए। युवकों की मौत से परिवारों में कोहराम मच गया।
जानसठ में जिला बिजनौर के थाना किरतपुर क्षेत्र के गांव बहादरपुर निवासी अखिलेश (30) पुत्र रविंद्र नोएडा की एक प्राइवेट कंपनी में इंजीनियर है। मंगलवार सुबह अखिलेश बाइक से नोएडा जा रहा था। गांव सलारपुर के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में इंजीनियर अखिलेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजन पुलिस कार्रवाई से इंकार कर शव लेकर घर लौट गए, जहां शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
खतौली कोतवाली क्षेत्र के गांव ताजपुर निवासी अर्जुन पुत्र सतपाल बाइक पर जानसठ क्षेत्र के गांव मनफोड़ा गया था। शाम वह मनफोड़ा से घर लौट रहा था। गांव मीरापुर दलपत के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को सीएचसी ले गई, जहां उपचार के दौरान अर्जुन की मौत हो गई। परिजनों के आने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया।
मोरना क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी के मोहल्ला बेहड़ा पट्टी कलालान निवासी अक्षय (17) पुत्र चंदर होली के उल्लास में बाइक पर अपने दो दोस्तों के साथ मोरना जा रहा था। भोपा-लक्सर मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़ी बुग्गी में जा घुसी, जिससे बाइक चला रहे अक्षय के सीने में गंभीर चोटें आईं और वह अचेत हो गया। जब तक उसे अस्पताल ले जाया जाता, किशोर ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
ट्रेन की चपेट में आकर अधेड़ की मौत
मुजफ्फरनगर। शहर रेलवे स्टेशन पर साईंधाम के सामने मंगलवार शाम अधेड़ पैदल ही रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। रेलवे ट्रैक पर वह अचानक पहुंची ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराई, तो शनाख्त गांव कूकड़ा निवासी यशपाल (55) के रूप में हुई। इसके बाद शव को मोर्चरी भेज दिया गया।
हाईवे पर स्कार्पियो पलटी, बाइकों की भिड़ंत
पुरकाजी। नई दिल्ली निवासी पवन अपने दोस्तों साजिद व अन्य के साथ मंगलवार को स्कार्पियो में उत्तराखंड के जनपद हरिद्वार से दिल्ली लौट रहा था। हाईवे बाईपास पर तेज रफ्तार कार अचानक बेकाबू होकर बीच सड़क पर पलट गई, जिससे कार सवार सभी लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कार से निकालकर पीएचसी भेजा, जहां से उपचार के बाद सभी को उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। उधर, गांव झबरपुर के पास दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में एक बाइक पर सवार कपिल, रजनीश व सचिन और दूसरी बाइक पर सवार रणबीर व प्रदीप घायल हो गए। सभी घायलों को पीएचसी में भर्ती कराया गया है। वहीं, हाईवे बाईपास पर ही अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार चरथावल क्षेत्र के गांव खुसरोपुर निवासी सचिन व उसकी पत्नी प्रियंका घायल हो गए। दोनों को पीएचसी ले जाया गया, जहां से प्रियंका को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।