डेंगू और मलेरिया से बचने के लिए पानी इकट्ठा ना होने दें
मुजफ्फरनगर। मौसमी बीमारियों पर नियंत्रण पाने के लिए 19 अक्तूबर से शुरू हुए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान में स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू और मलेरिया के खिलाफ अभियान चलाया। सीएमओ डॉ महावीर सिंहफौजदार ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण डेंगूं-मलेरिया का प्रकोप बढ़ रहा है। लोगों को और अधिक सावधानी बरते जाने की जरूरत है।
सीएमओ ने बताया कि जनपद में डेंगू की 1245 लोगों की जांच कराई गई है, जिनमें 11 लोग पॉजिटिव मिले थे, जबकि 21962 लोगों की मलेरिया की जांच हुई, जिनमें 20 लोगों में मलेरिया की पुष्टी हुई। उन्होंने कहा कि इस समय जिले में अब डेंगू का कोई सक्रिय केस नहीं है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा परिवार का प्रत्येक सदस्य घर में रखे गए गमले की ट्रे, कूलर, फ्रीज, पानी की टंकी आदि को खाली कर सुखाने के पश्चात उपयोग करें। इसके अलावा पुरानी कुर्सियां, मटके, कबाड़ आदि में बरसात का पानी एकत्र न होने दें और घर के बाहर छोटे गड्ढों में मिट्टी का भराव करें, ताकि मच्छरों के प्रजनन को खत्म किया जा सके।
जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के भरसक प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा विशेष संचारी रोग अभियान के तहत पहले दो सप्ताह में गांवों को मच्छर ब्रीडिंग से मुक्त करने के मामले में विभाग ने करीब 80 फीसदी लक्ष्य पूरा कर लिया है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत विभिन्न सार्वजनिक संपत्तियों, विद्यालयों, ग्राम पंचायत सचिवालय में साफ-सफाई, नाली में रुके पानी की निकासी, कूड़े का निस्तारण, एंटी लार्वा का छिड़काव करवाया गया।