लॉकडाउन में भी बिगड़ रही जिले की हवा
मुजफ्फरनगर। लॉकडाउन में साफ हुई जिले की हवा एक बार फिर खराब होने लगी है। अभी उद्योग पूरी तरह से चले भी नहीं हैं कि एयर क्वालिटी इंडेक्स खराब स्तर तक पहुंच गया। कुछ दिन पहले तक जिले का वातावरण काफी अच्छा था।
वायु प्रदूषण के मामले में मुजफ्फरनगर देश के प्रमुख शहरों में शामिल रहता है। बीती दिवाली पर तो जिले का एयर क्वालिटी इंडेक्स 400 से ऊपर पहुंच गया था। यह बेहद खतरनाक स्थिति मानी जाती है। 25 अप्रैल से लॉकडाउन लागू हुआ तो फैक्टरियां, ईंट भट्ठे एवं वाहन आदि भी बंद हो गए। इससे जिले की हवा साफ होने लगी। बीते कुछ दिनों से एयर क्वालिटी इंडेक्स 58 से 100 के बीच चल रहा था। कुछ दिन पहले आई आंधी और बारिश के बाद एक्यूआई 56 तक भी आ गया था। प्रशासन ने अनुमति देकर कुछ फैक्टरियों का संचालन शुरू करा दिया है। इसके साथ ही ईंट भट्ठे भी धुआं उगल रहे हैं। इनके शुरू होते ही एक्यूआई 200 पर आ गया है। वायु प्रदूषण का स्तर काफी तेजी से बढ़ रहा है। हवा चलने तथा मौसम साफ होने के बावजूद वायु प्रदूषण का बढ़ना चिंता का विषय है।
वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) का मानक
एक्यूआई मानक
0-50 अच्छा
50-100 संतोषजनक
101-200 मध्यम
201-300 खराब
300-400 बहुत खराब
400 से ज्यादा गंभीर