संवाद न्यूज एजेंसी
रतनपुरी। मंडावली खादर में गोबर डालने की जगह पर कब्जे को लेकर दो भाइयों को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों को उपचार के लिए बुढ़ाना सीएचसी भेजा गया। पुलिस ने दोनों पक्ष से चार लोगों का शांति भंग में चालान किया है।
मंडावली खादर निवासी जॉनी शर्मा गोबर डालने जा रहा था। उनके बराबर में ही जितेंद्र की पत्नी भी गोबर डालने गई थी। जब जॉनी ने वहां गोबर डाला, तो जितेंद्र की पत्नी ने उस जगह को अपना बताते हुए जॉनी पर ईंट से हमला कर दिया।
इसी बीच जितेंद्र और उसके भाई मुन्ना, अंकुर, भूरा एवं महकार, अजीत व अन्य भी लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंच गए। आरोपियों ने एक राय होकर जॉनी पर हमला कर दिया। झगड़े की सूचना पर जॉनी का भाई भूपेंद्र उर्फ बबलू अपने भाई को बचाने के लिए आया।
आरोप है कि आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जिसमें दोनों भाइयों को सिर में काफी चोट आई। पुलिस मौके पर पहुंच कर घायलों को बुढ़ाना सीएचसी भेजा। दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने एक पक्ष से मुन्ना, अजीत तथा दूसरे पक्ष से जॉनी एवं बबलू का शांति भंग में चालान किया है।