तीर्थ यात्रियों को अब शुक्रताल से दिल्ली के लिए सीधी बस सेवा मिलेगी। आरएम ने शुक्रताल के संतों की मांग पर इसकी घोषणा की। एक जून से रोडवेज की यह सेवा शुरू हो जाएंगी।
ऐतिहासिक तीर्थनगरी शुक्रताल से अभी तक दिल्ली के लिए सीधी बस सेवा नहीं थी। तीर्थ यात्रियों को वाया जानसठ और वाया मुजफ्फरनगर होकर ही दिल्ली आना जाना पड़ता है।
काफी समय से शुक्रताल के साधु संत दिल्ली के लिए सीधी बस सेवा की मांग कर रहे थे, ताकि आने जाने में समय और धन दोनों की बचत हो सके। मंगलवार को आरएम जेएन सिन्हा ने एआरएम बीपी अग्रवाल और डिपो के अनुशासन पटल प्रभारी अनुज त्यागी के साथ शुक्रताल का भ्रमण किया। वहां पर तीर्थ के धामों के साधु संतों के साथ वार्ता की।
इसके बाद आरएम ने शुक्रताल से दिल्ली के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू करने की घोषणा की। एआरएम बीपी अग्रवाल ने बताया कि एक जून से यह बस सेवा प्रारंभ कर दी जाएगी। शुक्रताल से सीधे वाया खतौली होकर दिल्ली के लिए बस चलेगी तथा दिल्ली से भी शुक्रताल से सीधी बस सेवा रहेगी। रात्रि में बस शुक्रताल में ही रहेगी। इस बस सेवा के शुरु होने पर तीर्थ यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
पुरकाजी बस स्टैंड का होगा जीर्णोद्धार
पुरकाजी रोडवेज बस स्टैंड का जीर्णोद्धार होगा। इसके लिए विभागीय अधिकारियों ने बजट भी स्वीकृत कर दिया है। आरएम जेएन सिन्हा ने एआरएम बीपी अग्रवाल और डिपो के अनुशासन पटल प्रभारी अनुज त्यागी के साथ पुरकाजी बस स्टैंड का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को पुरकाजी बस स्टैंड भवन की रंगाई-पुताई कराने, नए कूडे़दान रखवाने, वाटर कूलर की सफाई कराने आदि निर्देश दिए। एआरएम ने बताया कि जीर्णोद्धार का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।
परिचालक की संविदा समाप्त
एआरएम बीपी अग्रवाल ने संविदा परिचालक लोकेश की संविदा समाप्त कर दी है। उन्होंने बताया कि विगत दिनों चेकिंग के दौरान टोल प्लाजा पर बस में यात्रियों के पास अपूर्ण टिकट पाए गए थे, जिनकी जांच नोएडा के अधिकारी कर रहे थे। जांच में परिचालक के दोषी पाए जाने पर उसकी संविदा समाप्त कर दी है। डिपो में पांच संविदा परिचालक नियमित हो गए है। अनुशासन पटल प्रभारी अनुज त्यागी ने बताया कि डिपो में सुरेश, भोपाल, राजकुमार, बिल्लू और हीरालाल संविदा पर परिचालक थे, जो अब नियमित हो गए है।