प्रथम नवरात्र पर बाला सुंदरी देवी मंदिर में पूजा अर्चना करने उमड़े श्रद्धालु
देवबंद (सहारनपुर)। चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर में पूजा अर्चना करने के लिए भक्तों का तांता उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने विधि विधान के साथ मां भगवती के प्रथम स्वरूप माता शैल पुत्री की पूजा अर्चना करते हुए परिवार में सुख समृद्धि की कामना की।
कोरोना काल में मंगलवार को पूजा अर्चना करने श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं में यूं तो अधिकांश ने मास्क पहना हुआ था। लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल नहीं रखा गया। प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग लगातार सार्वजनिक व धार्मिक स्थलों पर आने वाले लोगों से कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन करने की लगातार अपील कर रहा है। बावजूद इसके लोग कोरोना को लेकर गंभीर दिखाई नहीं पड़े रहे हैं। श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष पंडित सतेंद्र शर्मा ने कहा कि माता का यह स्वरूप सती, पार्वती, दुर्गा, उमा, अर्पणा, गोरी आदि नामों से प्रसिद्ध है। इनकी भक्तिभाव से पूजा अर्चना करने से परिवार में सुख समृद्धि बनी रहती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से सोशल डिस्टेंसिंग के तहत पूजा अर्चना करने का आह्वान किया।