देवबंद में प्रथम चरण में पंचायत चुनाव के मतदान के लिए मतदान केंद्र पर बेरिकेटिंग करते कर्मचारी
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। पंचायत चुनावों के प्रथम चरण में बृहस्पतिवार को होने वाले मतदान में 1 लाख 63 हजार 921 मतदाता(1,63,954) अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। मंगलवार को कर्मचारी दिनभर मतदान केंद्रों पर बैरिकेडिंग लगाने के कार्य में जुटे रहे।
64 ग्राम पंचायतों वाले देवबंद ब्लाक में प्रधान पद के लिए 571, ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 851 और क्षेत्र पंचायत पद के लिए 443 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मंगलवार को चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भी जहां जिला पंचायतों सदस्य पदों के प्रत्याशियों ने नुक्कड़ सभाएं और जनसंपर्क करके मतदाताओं को लुभावने का भरपूर प्रयास किया। वहीं, क्षेत्र पंचायत और ग्राम प्रधान पद के प्रत्याशी भी मतदाताओं की चौखट पर जाकर अपने पक्ष में वोट मांगते दिखाई पड़े। एक प्रत्याशी गया तो दूसरा अपने समर्थकों के संग वोट मांगने घर-घर पहुंचा। एसडीएम राकेश कुमार सिंह ने बताया कि देवबंद ब्लाक में 106 मतदान केंद्र व 295 मतदेय स्थल हैं। इनमें 19 मतदान केंद्रों के 36 बूथ संवेदनशील और 38 मतदान केंद्रों के 115 बूथ अतिसंवेदनशील हैं। चुनाव संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं। मतदान केंद्रों पर बुधवार की सुबह से पोलिंग पार्टियां पहुंचना आरंभ हो जाएंगी। सीओ रजनीश उपाध्याय ने बताया कि संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस की व्यवस्था रहेगी। यदि कहीं पर भी कोई गडग़बड़ी करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।