- मदरसा इस्लामिया जामिया मीरापुर में आयोजित हुई जमियत उलमा ए हिंद की बैठक
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मीरापुर। शिक्षा जागरूकता के लिए जमीयत उलमा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों की बैठक मदरसा इस्लामिया जामिया मीरापुर में आयोजित की गई। जिसमें बच्चों को शिक्षित करने पर जोर दिया गया।
मदरसा इस्लामिया जामिया में जमीयत उलेमा ए हिंद की पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों की बैठक का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता वेस्ट यूपी अध्यक्ष मौलाना अकील अहमद ने शिक्षा की अहमियत को समझाते हुए कहा बिना शिक्षा के किसी भी समाज का पूर्ण विकास संभव नहीं है। प्रदेश उपाध्यक्ष मुफ्ती बिन यामीन गढ़ी दौलत ने कहा कि अभिभावक अपने प्रत्येक बच्चे और बच्ची को शिक्षित करने का प्रण लें। उसके लिए अपनी आर्थिक स्थिति के मुताबिक गैर जरूरी कामों में होने वाले खर्च को नियंत्रित कर उस धन को अपने बच्चे और बच्चियों की शिक्षा पर खर्च करें। अपने नैतिक मूल्यों से जुड़े रहने के लिए सभी स्कूली छात्रों को अलग से एक घंटा प्रतिदिन धार्मिक शिक्षा ग्रहण करना सुनिश्चित करें।
कारी जाकिर ने कहा कि जमीयत उलमा धार्मिक शिक्षा बोर्ड ने जो प्रबंध किए गए हैं उनका खुद भी हिस्सा बनें और अपने बच्चों को उसका हिस्सा बनाना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर जमीयत के उपाध्यक्ष मौलाना अरशद कासमी, मदरसे के अध्यक्ष आफताब आलम, कारी यामीन, मुफ्ती उवेश, मोहम्मद अकरम, मौलाना शाहनवाज, कारी अमीर आजम, मोहम्मद इब्राहीम, मोहम्मद फुरकान, मोहम्मद शाहिद, जमालुदीन, शदाक अली के साथ जमीयत के जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।