संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। बुखार से पीड़ित एक और मरीज की जांच रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई है। नया मरीज शहरी क्षेत्र में मिला है। इसके साथ ही जिले में इस वर्ष डेंगू संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। लगातार सामने आ रहे मामलों से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ रही है।
मौसम में बदलाव के बीच बुखार के मरीजों की बढ़ती संख्या के साथ डेंगू संक्रमण को लेकर सतर्कता बरतने की आवश्यकता जताई जा रही है। जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह का कहना है कि डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है। घरों और आसपास जमा पानी में इसके लार्वा पैदा होने की आशंका रहती है।
ऐसे में कूलर, गमले, टायर, छतों पर रखे बर्तनों और अन्य स्थानों पर पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। एपीडेमियोलॉजिस्ट डॉ. शमशेर आलम के मुताबिक तेज बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, बदन टूटना या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।
बुखार होने पर स्वयं दवा लेने से बचना चाहिए और जांच व उपचार में लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। बताया कि जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या 14 पर पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों के घर और आसपास सोर्स रिडक्शन कराया जा रहा है।