छपार थाने पर मांगपत्र देने पहुंचे भाकियू तोमर के कार्यकर्ता
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
छपार। भ्रष्टाचार व फर्जी मुकदमे दर्ज करने को लेकर भाकियू तोमर के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। डीआईजी व पुलिस अधीक्षक के नाम प्रभारी निरीक्षक को एक ज्ञापन सौंपा। मांगे पूरी न होने पर एक सप्ताह बाद धरना देने की चेतावनी दी।
मंगलवार को भाकियू तोमर कार्यकर्ता ब्लाक अध्यक्ष अजय त्यागी के नेतृत्व में थाने पर पहुंचकर प्रदर्शन कर पुलिस के विरुद्ध नारेबाजी की। थाने में क्रॉस केस मुकदमा दर्ज करने का खेल चल रहा है। पीड़ित को इंसाफ नहीं मिल रहा है। डायल 112 को फोन करने पर दोनों पक्षों को पकड़ कर थाने बैठा कर फैसला करा दिया जाता है। फर्जी मुकदमे कायम कर सुविधा शुल्क के आधार पर धाराएं घटाई व बढ़ाई जा रही है। कोई भी कार्य बिना रिश्वत लिए बिना नहीं हो रहा है। दतियाना निवासी नफीस के विरुद्ध धारा 307 में फर्जी मुकदमा दर्ज किया गया हैं, जबकि वह वीडियो में कहीं दिखाई नहीं दे रहा है। छपार में हुए झगड़े में गफ्फार के विरुद्ध भी फर्जी मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्यकर्ताओं ने अपनी सात मांगों का ज्ञापन प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह को दिया। प्रदर्शन में मुकेश गुर्जर, निखिल चौधरी, अय्यूब मार्शल, जावेद, फरमान अली, विशाल चौधरी, जावेद बाबर, हुसैन, रामदत्त शर्मा मौजूद रहे।