बिजली की लाइन सर्वे के अनुसार बनाए जाने की मांग
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। गढ़मलपुर सागड़ी गांव के ग्रामीणों ने विद्युत निगम के उच्चाधिकारियों को शिकायत पत्र देते हुए कहा कि उनके गांव की विद्युत की आपूर्ति की लाइन सर्वे के अनुसार नहीं बनाई जा रही है। आरोप है कि गांव के कुछ असरदार लोग लाइन को दूसरी जगह से निकलवाने का प्रयास कर रहे हैं।
तहसील क्षेत्र के गांव गढ़मलपुर सागड़ी निवासी आधा दर्जन ग्रामीणों ने हस्ताक्षरित लिखित शिकायत विद्युत निगम के उच्चाधिकारियों के अलावा जिलाधिकारी व मुख्यमंत्री को भेजा है। ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव को 18 घंटे बिजली की आपूर्ति के लिए अलग से बिजली की लाइन बनाई जा रही है। आरोप है कि पूर्व में किए गए सर्वे के अनुसार लाइन नहीं बनाई जा रही है। गांव के असरदार व्यक्ति बिजली की इस लाइन को अवैध रूप से विद्यालय भवन के अंदर से ले जाना चाहते हैं। जो विद्यालय के बच्चों व गांव हित में नहीं है। लाइन का सर्वे गांव के मुख्य रास्ते के किनारे से किया गया था। वह सर्वे सही व गांव हित में है। गांव वालों ने पूर्व में किए गए सर्वे के अनुसार ही बिजली की लाईन बनाए जाने की मांग की है। शिकायत करने वालों में रविंद्र कुमार, अनुज, जगपाल, कल्लू, सतपाल, सोनू, अशोक व सुमित आदि शामिल हैं।