खतौली। गांव पमनावली निवासी एसएसबी के जवान प्रवीण के पिता ने गृहमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने बेटे की मौत की जांच आसाम पुलिस एवं एसएसबी से न कराकर किसी उच्च स्तरीय जांच एजेंसी से कराए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में मृतक प्रवीण के पिता शेरपाल ने एसडीएम अपूर्वा यादव को दिए ज्ञापन में कहा कि उनका पुत्र 16 जुलाई को आसाम के कोकराझार जिले के गांव गोसाईं में डयूटी पर था। प्रवीण की उसकी पत्नी से बातचीत होती रहती थी। 29 जुलाई को भी बात हुई थी। वह मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ था। उसे किसी प्रकार की कोई बीमारी या चिंता नहीं थी।
29 जुलाई को उसकी यूनिट से फोन आया कि उसके साथ कोई घटना हो गई है। जैसा आगे होगा आपको बताया जाएगा। परिवार के लोग लगातार संपर्क करते रहे। बाद में बताया गया कि गोली लगने से उसकी मौत हो गई है। शव का गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। एसएसबी के अधिकारियों ने प्रवीण की मौत को आत्महत्या करना बताया, जो सही नहीं है। प्रवीण एसएसबी का एक बहादुर सिपाही था, जो 17 वर्ष से ईमानदारी के साथ अपनी नौकरी कर रहा था। पिता ने अंदेशा जताया कि उसके पुत्र की विभाग में किसी व्यक्ति या किसी अन्य व्यक्ति ने हत्या की है। उनके बेटे की मौत की जांच आसाम पुलिस एवं एसएसबी के अतिरिक्त किसी अन्य उच्च एजेंसी से कराए जाने की मांग की गई। एसडीएम अपूर्वा यादव ने बताया कि ज्ञापन गृह मंत्री को भेजा जाएगा।