मुजफ्फरनगर। पुरकाजी क्षेत्र के गांव हरैंटी के ग्राम प्रशासक (प्रधान) एवं भाकियू टिकैत के जिला सचिव विवेक राठी के बेटे एलएलबी के छात्र रोहन राठी की हत्या के मामले में फिर नया मोड़ आ गया है। आरोपियों ने नार्को टेस्ट पर सहमति देने से इन्कार कर दिया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कविता अग्रवाल ने विवेचक को टेस्ट कराने की अनुमति प्रदान नहीं की है। दोनों आरोपियों ने अदालत में लिखकर दिया कि वह अपना टेस्ट नहीं कराना चाहते।
छात्र की हत्या की वारदात 23 सितंबर की रात हुई थी। पुलिस ने उत्तराखंड के मंगलौर में मस्जिद के इमाम नाजिम और उसके साले सहारनपुर के जहीरपुर निवासी शावेज को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा कर दिया था। जांच में सामने आया था कि कार में सवार होकर रास्ते से गुजर रहे इमाम ने जंगल में अकेले खड़े रोहन को टक्कर मार दी थी। इसके बाद वापस अपने साले के साथ मौके पर पहुंचकर पहचान हो जाने पर मुंह भींचकर हत्या कर दी। परिजनों, ग्रामीणों और भाकियू टिकैत समेत अन्य संगठनों का कहना था कि पुलिस ने गलत खुलासा किया था।
इसके बाद भाकियू टिकैत के कार्यकर्ताओं ने 21 अक्तूबर को एसएसपी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया था, जिसमें आरोपियों का नार्को टेस्ट कराने पर सहमति बन गई थी।
एसओ पुरकाजी मानवेंद्र भाटी की ओर से अदालत में प्रार्थनापत्र दिया गया। जिला कारागार से दोनों आरोपियों को अदालत लगाया गया। सीजेएम कोर्ट में दोनों आरोपियों ने लिखकर दिया कि वह अपना टेस्ट नहीं करना चाहते हैं। सीजेएम ने कहा कि बिना आरोपियों की सहमति के विवेचक को अनुमति नहीं दी जा सकती है। अदालत ने सुप्रीम कोर्ट की अपील सेल्वी का उदाहरण भी दिया। एसएसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि आरोपियों ने अदालत में टेस्ट कराने से इन्कार कर दिया है।
रोहन हत्याकांड : जानिए कब क्या हुआ
पुरकाजी के हरैंटी गांव से एलएलबी प्रथम सेमेस्टर का छात्र रोहन राठी 23 सितंबर की शाम छह बजे एक दोस्त की बाइक लेकर भोपा थाना क्षेत्र के नन्हेड़ा में जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गया था। रात नौ बजे पिता ने कॉल की तो छात्र ने सुबह आने की बात कही। 24 सितंबर को सलेमपुर मार्ग पर रोहन का शव पड़ा मिला। मौत की वजह मुंह भींचने से दम घुटना आई।
पुलिस ने 25 सितंबर को हरिद्वार के थाना लक्सर के गांव संगीपुर निवासी नाजिम और उसके साले सहारनपुर के थाना देवबंद के गांव जहीरपुर निवासी शावेज को भैंसानी पुल के पास मुठभेड़ में गिरफ्तार कर रोहन की हत्या का खुलासा कर दिया। नाजिम मंगलौर की मस्जिद में इमाम है।
इनसेट
जांच में यह कहानी आई थी सामने
पुलिस जांच में सामने आया था कि नाजिम का ससुर जिला अस्पताल में भर्ती था। 23 सितंबर की रात वह कार में सवार होकर सलेमपुर मार्ग से जहीरपुर अपने साले को लेने ससुराल जा रहा था। हरैंटी के पास रास्ते में बाइक लिए खड़े युवक को देखकर टक्कर मार दी। ससुराल पहुंचकर एक घंटे बाद अपने साले शावेज के साथ वापस लौटा। शावेज ने रोहन को पहचान लिया और इसके बाद मुंह भींचकर हत्या कर दी। बाइक, घड़ी और मोबाइल अपने साथ ले गए थे।
इनसेट
हरैंटी से लखनऊ तक उठे सवाल, बयानबाजी
एलएलबी के छात्र रोहन राठी की हत्या के मामले में हरैंटी गांव से लेकर लखनऊ तक सवाल उठाए गए। भाकियू टिकैत, भाकियू तोमर से लेकर सपा, रालोद, भाजपा और बसपा नेताओं ने भी गांव पहुंचकर निष्पक्ष जांच की मांग रखी थी। सपा प्रमुख पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी एक्स पर पोस्ट की थी।