हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर ऊपर गिरने से करंट की चपेट में आकर एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों को किसान का शव ईख के खेत में पड़ा मिला। शव के ऊपर टूटा तार पड़ा हुआ था। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराकर विद्युत निगम के खिलाफ तहरीर दी है।
मंसूरपुर के गांव पुरबालियान निवासी यासीन (35) पुत्र हुकमद्दीन शनिवार को जंगल में अपनी ईख बांधने के लिए गया था। देर शाम तक किसान घर नहीं लौटा। परिजन रात के करीब 8 बजे उसको तलाश करते हुए जंगल में पहुंचे। जंगल में ईख के खेत में उसका शव पड़ा मिला। शव के ऊपर 11 हजार की विद्युत लाइन के तार टूटा पड़ा था और शव बुरी तरह से जला हुआ था।
किसान की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीण एकत्र होकर जंगल में पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। परिजनों के कहने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने रविवार को गमगीन माहौल में शव को सुपुर्दे खाक कर दिया। पीड़ित परिजनों ने विद्युत निगम के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।