भौराकलां। गांव शिकारपुर में डेढ़ माह पूर्व मरे युवक के शव को पुलिस ने कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक के भाई ने उसकी पत्नी और दो रिश्तेदारों पर जहर देकर हत्या का आरोप लगाते हुए कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
थाना क्षेत्र के गांव शिकारपुर निवासी इनाम मध्यप्रदेश में रहकर दूध का कारोबार करता था। 30 अगस्त को उसकी वहीं पर संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। इनाम की पत्नी कमरजहां गांव पलड़ी निवासी अपने दो भाइयों के साथ मध्यप्रदेश से शव लेकर शिकारपुर पहुंची थी, जहां उसके शव को सुपुर्दे-खाक कर दिया गया था। इनाम के भाई महताब ने बताया कि इसके कुछ दिन बाद उन्हें पता चला कि विवाद के चलते इनाम की पत्नी कमरजहां ने अपने दो भाइयों के साथ मिलकर जहर देकर उसकी हत्या की है।
महताब ने कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस ने डीएम के समक्ष इनाम का शव कब्र से निकालकर उसका पोस्टमार्टम कराए जाने की अनुमति मांगी थी। डीएम की अनुमति के बाद शुक्रवार को भौराकलां पुलिस ने इनाम के शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।