गंगनहर में डूबे युवक का शव रजबहे से बरामद
खतौली (मुजफ्फरनगर)। गंगनहर में शनिवार को डूबे पीपलहेड़ा यूसुफपुर निवासी किशोर का शव सोमवार सुबह सरधना क्षेत्र में गांव कुशावली के रजबहे में मिला। शव मिलने के बाद पीड़ित परिजनों ने हत्या कर शव गंगनहर में फेंकने का आरोप लगाते हुए थाने में जमकर हंगामा किया। इंस्पेक्टर का घेराव कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दो नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव पीपलहेड़ा यूसुफपुर निवासी रूपक शर्मा (17) शनिवार को अपने कुछ दोस्तों के साथ नहाने के लिए खतौली गंगनहर पर आया था। देर शाम रूपक के दोस्तों ने परिजनों को उसके गंगनहर में डूबने की जानकारी दी। इस पर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से गंगनहर में रूपक की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। सोमवार सुबह रूपक का शव सरधना थाना क्षेत्र के गांव कुशावली के रजबहे में मिला, जिसकी जानकारी पर परिजनों ने वहां पहुंचकर उसकी पहचान की। वहां से लौटकर परिजन थाने पहुंचे और किशोर की हत्या कर शव गंगनहर में फेंके जाने का आरोप लगाया।
पीड़ित परिजनों ने इंस्पेक्टर यशपाल सिंह का घेराव करते हुए थाने में जमकर हंगामा किया और शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराए जाने की भी मांग की। इस पर सीओ राकेश सिंह थाने पहुंचे और मेरठ डीएम की अनुमति से ही दोबारा पोस्टमार्टम होने की जानकारी दी। इसके बावजूद थाने पर हंगामा जारी रहने पर आरआरएफ व आसपास के थानों से फोर्स को खतौली बुला लिया गया। बाद में सीओ ने परिजनों को निष्पक्ष जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर उनके गुस्से को शांत किया। इसके बाद रूपक के पिता सुशील शर्मा ने दो नामजद व तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। सीओ राकेश सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। जांच के बाद ही मामले में कार्रवाई की जाएगी।