मुजफ्फरनगर। अमर उजाला अपराजिता 100 मिलियंस स्माइल्स अभियान के अंतर्गत होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने कहा कि बेटियां अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें। दिनचर्या व्यवस्थित करें। बीमारियों को छिपाने के बजाएं अभिभावकों और डॉक्टरों को बताकर उपचार कराएं। बेहतर स्वास्थ्य से बेटियां कामयाबी की ओर बढ़ेगी।
होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल नरा जड़ौदा में कार्यक्रम का शुभारंभ सीएमओ, जिला स्वास्थ्य एवं शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतांजलि वर्मा और संस्था के निदेशक प्रवेंद्र दहिया ने दीप प्रज्वलित कर किया। सीएमओ ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य एक उपहार है। सुबह उठने से लेकर शाम को सोने तक अगर व्यक्ति अपने जीवन को व्यवस्थित कर लें तो बीमारियों से बचाव होगा। परिवेश की स्वच्छता के अलावा व्यक्तिगत स्वच्छता पर सबसे ज्यादा ध्यान दिए जाने की जरूरत है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए भी सामाजिक दूरी और स्वच्छता अहम है। डॉ. गीतांजलि वर्मा ने कहा कि मौसम के अनुसार दिनचर्या में बदलाव से व्यक्ति स्वस्थ रह सकता है। मौसमी फलों का सेवन करें। जो भी मौसम हो, उसके अनुसार ही सब्जियों का प्रयोग करें। अच्छा खाने से स्फूर्ति का अहसास होगा। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की ओर से डॉ. तालिब खान ने बेटियों को स्वस्थ रहने के तरीके बताए।
बेटियों इस तरह मिलेगा स्वस्थ जीवन
- सुबह समय पर उठें और शाम को समय पर सोएं
- नियमित रूप से व्यायाम करें, खेलकूद में हिस्सा लें
- अगर योग कर सकते हैं तो बेहतर रहेगा
- अच्छा सोचें, सकारात्मक रहें, दिमाग को शांत रखें
- दूध-दही, फल और सब्जियों का सेवन जरूर करें
- नियमित रूप से ताजा भोजन करें
- पर्याप्त नींद जरूर लें, मोबाइल कम प्रयोग करें
- सर्दियों में आंवले का सेवन जरूर करें
- फास्ट फूड का सेवन बंद कर देना चाहिए
- रोजाना नियमित रूप से पानी का सेवन करें
- नियमित रूप से डॉक्टरों से परामर्श करना चाहिए
मां-बाप की सेवा से मिलेगी सफलता
कक्षा-11 की छात्रा मानसी सहरावत ने शिविर में कहा कि मां-बाप की सेवा और सकारात्मक सोच से सफलता जरूर मिलती है। अभिभावक और शिक्षक ही अपने बच्चों की भलाई के विषय में सोचते हैं।
- कक्षा-11 की छात्रा सृष्टि ने कहा कि शिविर में बेहतर स्वास्थ्य के विषय में जानकारी मिली। नियमित रूप से व्यायाम जरूरी है।
- कक्षा-11 की छात्रा अनुसुईया ने कहा कि डॉक्टरों ने नियमित रूप से स्वच्छता की जानकारी दी। सामाजिक दूरी के विषय में बताया।
- कक्षा-11 की छात्रा सीमा ने बताया कि योग के महत्व के विषय में बताया गया। दिनचर्या में योग शामिल किए जाने से शरीर स्वस्थ रहता है।
- कक्षा-नौ की छात्रा माही वर्मा ने कहा कि मौसमी फल और सब्जियों के विषय में जानकारी दी गई। उपयोगी जानकारी मिली।
- कक्षा-नौ की छात्रा खुशी का कहना है कि डॉक्टरों की टीम ने फलों के सेवन के विषय में बताया। आंवला की जानकारी दी गई।
- कक्षा-नौ की छात्रा खुशी चौधरी ने कहा कि शिविर में नियमित दिनचार्य, पर्याप्त नींद और मोबाइल से दूर रहने की उपयोगी जानकारी दी गई।
- कक्षा-11 की छात्रा तनु ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य की जानकारी शिविर में मिली। फास्ट फूड से दूर रहने के विषय में बताया गया।
- कक्षा-12 की छात्रा महिमा ने बताया कि सोशल मीडिया, मोबाइल और टीवी से दूर रहने की जानकारी दी गई।