रतनपुरी/खतौली। नलकूप पर पानी पीते समय बिजली के तारों की चपेट में आने से किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार राकेश वर्मा ने मृतक परिजनों को मुआवजा दिलाए जाने का भी आश्वासन दिया है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार करते हुए शव को सुपुर्द-ए खाक कर दिया।
गांव नंगला निवासी इमरान उर्फ कल्लू का बेटा सूफियान (14) रविवार को घर से जंगल में आम के बाग की रखवाली करने के लिए निकला था। रास्ते में सूफियान फारूख की टयूबवैल पर पानी पीने लगा। ट्यूबवेल के पास काफी नीचे से बिजली के तार गुजर रहे हैं। जैसे ही सूफियान ट्यूबवेल के हौज से पानी पीकर चला सिर पर बिजली के तार टच हो गए। करंट लगने से सूफियान की मौके पर ही मौत हो गई।
सूफियान की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया और पूरा गांव शोक में डूब गया।
घटना की सूचना मिलने पर बुढ़ाना तहसील के नायब तहसीलदार राकेश वर्मा, इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, लेखपाल रविंद्र ठाकुर और जेई दीपक कुमार मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार ने पीड़ित परिजनों को मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया। परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। परिजनों ने शव को दफना दिया।