मुजफ्फरनगर। शहर के भगतसिंह रोड पर देर रात कृष्णापुरी निवासी युवक को गोली मार दी गई। हमलावर व घायल के बीच पहले जमकर मारपीट हुई, जिसके बाद आरोपी ने अंटी से तमंचा निकालकर उस पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल युवक को मेरठ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने हमलावर के पिता व दो भाइयों को हिरासत में ले लिया है। दोनों युवकों के बीच करीब एक सप्ताह से टशनबाजी चल रही थी, जिसके चलते वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आ रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कृष्णापुरी निवासी अमन बंसल पुत्र उमेश बंसल रविवार देर रात पंचमुखी मंदिर में चल रहे गणपति महोत्सव से घर लौट रहा था। जैसे ही वह हनुमान चौक के निकट पहुंचा, वहां एक गली के बाहर खड़े अमन मित्तल नामक युवक से उसकी कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर पहले दोनों के बीच मारपीट हुई, जिसके बाद अमन मित्तल ने अंटी से तमंचा निकालकर अमन बंसल पर गोली चला दी, जो उसके पेट में लगी।
गोली लगते ही अमन बंसल नाले में गिर गया, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर हालत में मेरठ रैफर कर दिया गया। पुलिस ने हमलावर के घर दबिश देते हुए उसके पिता व दो भाइयों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण करते हुए हमलावर के घर पहुंचकर पुलिस को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
पूर्व चेयरमैन के यहां करता है काम : मुजफ्फरनगर। भगतसिंह रोड पर देर रात गोली का शिकार हुआ अमन बंसल अपने पिता उमेश बंसल के साथ पूर्व चेयरमैन पंकज अग्रवाल की फर्म में एकाउंटेंड का काम करता है। पंकज अग्रवाल ने बताया कि घायल युवक काफी सीधे स्वभाव का है, जिसका किसी से झगड़ा भी नहीं था।
दूसरी गोली मारने की भी की थी कोशिश
कृष्णापुरी निवासी अमन बंसल को गोली मारने वाला अमन मित्तल हर हाल में उसकी हत्या करना चाहता था। पहली गोली लगने के बाद नाले में गिरे अमन बंसल को हमलावर ने दूसरी गोली मारने की कोशिश की। इस दौरान जैसे ही वह दूसरी बार तमंचा लोड करने लगा, वहीं मौजूद एक युवक जो घायल के साथ बताया जा रहा है, उसे मोबाइल में कैद करना शुरू कर दिया। यह देख हमलावर गली में घुसकर वहां से फरार हो गया। चर्चा है कि हमलावर अमन मित्तल अपराधी किस्म का है, जो पहले भी कई वारदातों में जेल जा चुका है।