मुजफ्फरनगर। धारदार हथियार से सिर पर वारकर युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह बिलासपुर गांव के जंगल में लाश बरामद हुई। पुलिस ने शव को शिनाख्त के लिए भेज दिया है। हत्यारे कोई सुराग नहीं छोड़ गए। पुलिस मृतक की शिनाख्त की कोशिश कर रही है। कई बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बिलासपुर गांव के जंगल में मखियाली की तरफ जाने वाली नहर की पटरी किनारे युवक की लाश पड़ी देखी गई। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर काफी लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई।
लाश की पड़ताल में पाया गया कि सोमवार देर रात मृतक के सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए। हत्या करने के बाद आरोपी फरार हो गए। मृतक के कपड़ों से उसकी पहचान का कोई क्लू नहीं मिला। घटनास्थल के पास आरोपियों का सुराग ढूंढा गया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
अनुमान लगाया गया कि युवक की हत्या करने के बाद लाश को जंगल में लाकर फेंका गया या फिर अकेले को बुलाकर कई लोगों ने घेरकर धारदार हथियारों से वार किए। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से बातचीत कर मृतक की पहचान करने की कोशिश की।
ग्रामीणों ने मृतक को कभी क्षेत्र में नहीं देखे जाने की बात बताई। इससे जाहिर है कि मृतक की समीप के गांव में रिश्तेदारी भी होने की संभावना कम है। इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि सोमवार रात युवक की हत्या की गई है। अभी तक शिनाख्त नहीं हुई है। कई बिंदुओं पर पुलिस छानबीन कर रही है। मृतक की पहचान करने में पुलिस जुटी हुई है।