शातिर गैंग का भंडाफोड़ और तीन आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : amar ujala
मुजफ्फरनगर में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने ऐसे वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो शहर क्षेत्र से नई बाइक चोरी करने के बाद मेरठ के सरधना क्षेत्र के गांव-देहात में महज पांच से सात हजार रुपये में बेच देता था। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य फरार हो गए। उनसे चोरी की 16 बाइक बरामद की गई है।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में मंगलवार दोपहर प्रेसवार्ता करते हुए एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि सिविल लाइंस थाना पुलिस ने सोमवार रात मेरठ रोड स्थित कंपनी गार्डन के पास दो संदिग्ध बाइक पर आ रहे पांच युवकों को रोकने का प्रयास किया। उनमें से दो बाइकों से कूदकर भाग गए। तीन युवकों को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया, जिनमें दो युवकों के पास से दो तमंचे-कारतूस और एक युवक से चाकू बरामद किया गया।
उनके पास से बरामद की गईं बाइकें जांच में चोरी की निकलीं, जिस पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों में मेरठ जनपद के सरधना थाना क्षेत्र के गांव अटेरना निवासी अलकित व सूरज और गांव भामौरी निवासी विपिन शामिल हैं। जबकि फरार बदमाशों की पहचान गांव अटेरना निवासी हरेंद्र उर्फ प्रधान और गांव भामौरी निवासी सचिन के रूप में हुई है। आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर खड़ी की गईं चोरी की 14 अन्य बाइक भी बरामद की गईं। इसके साथ ही आरोपियों के कब्जे से अमेजन कंपनी के एक डिलीवरी मैन की चोरी हुई बाइक में मौजूद दो नए मोबाइल व एक ब्लूटूथ इयरफोन भी बरामद किया गया। आरोपियों में विपिन पर सात मुकदमे और अलकित व सूरज पर दो-दो मुकदमे दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें: कबाड़ियों के बड़े कारनामे: आखिर खुल गए अहम राज, पुलिस ने तीन आरोपियों को रंगेहाथ दबोचा, देखिए तस्वीरें
महज पांच से सात हजार में बेचते थे बाइक
पकड़े गए बदमाश शहर क्षेत्र से नई बाइक चोरी कर उन्हें मेरठ के सरधना क्षेत्र के गांव- देहात में महज पांच से सात हजार रुपये में बेच देते थे। इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि आरोपी नई बाइक चोरी करने के बाद उन्हें अस्पताल परिसर, पार्किंग स्थल व अन्य स्थानों पर खड़ी कर देते थे। पुलिस चेकिंग थमने के बाद चोरी की बाइक से नंबर प्लेट हटाकर उन्हें सरधना ले जाकर बेच दिया जाता था।
यह भी पढ़ें: सामने आया बड़ा खेल: अफसरों ने खूब भरी जेब, पोल खुली तो अधिकारियों में मचा हड़कंप, देखिए तस्वीरें