मोरना के ककरौली थाने के एक गांव में दो किशोरियों के साथ चार युवकों ने तमंचे के बल पर गैंगरेप किया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि तीन फरार हो गए। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव फैल गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस को मामले में तहरीर दी है।
घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है। ककरौली थाने के एक गांव में दो सहेली किशोरियां गांव के पास जंगल में गई हुई थीं। इसी दौरान चार युवक वहां पहुंचे और तमंचे के बल पर दोनों किशोरियों से गैंगरेप किया। आरोपियों ने किसी को घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी। किशोरियों ने शोर मचाया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया, जबकि तीन आरोपी फरार हो गए।
आरोपियों के दूसरे समुदाय से जुड़े होने की वजह से गांव में रोष फैल गया। एक आरोपी शाहपुर क्षेत्र का निवासी है, वह अपनी रिश्तेदारी में आया हुआ था। घटना की सूचना मिलने पर ककरौली पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी को पुलिस को सौंप दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। थानेदार ने आला अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। देर रात पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा जाएगा।