शहर के एक मोहल्ले में तीन युवकों ने दो सगी बहनों के साथ घर में घुसकर छेड़छाड़ की और उनके अपहरण की कोशिश की। घटना को लेकर मोहल्ले में हंगामा हो गया। लोगों ने आरोपियों के साथ मारपीट भी की। सूचना पर पुलिस आरोपियों को छुड़ाकर अपने साथ ले गई। युवतियों के पिता की तहरीर पर पुलिस ने छेड़छाड़ व अपहरण के प्रयास के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली है।
इस घटना को लेकर घंटों तक हंगामा होता रहा और परिजनों ने पहले कार्रवाई से इंकार कर दिया था, लेकिन देर शाम मामले को लेकर तहरीर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक दोनों बहनों के परिचित है। इनमें एक युवती का आज बर्थडे था। परिजनों की गैर मौजूदगी में युवक उनके घर पहुंच गए थे। दो सगी बहनों को अंजान युवकों के साथ घर में देख किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दे दी, जिस पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर में मौजूद दोनों बहनों व तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
इस दौरान गुस्साए लोगों ने मौके पर हंगामा करते हुए आरोपियों से हाथापाई भी की, जिन्हें पुलिस ने बमुश्किल वहां से निकाला। घटना की सूचना पाकर युवतियों के परिजन थाने पहुंचे, जहां दोनों बहनों को परिजनों के हवाले कर दिया गया। इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि युवतियों के पिता की तहरीर पर तीनों आरोपियों खालापार निवासी जुनैद व समद और फ्रैंड्स कॉलोनी निवासी सिद्धार्थ त्यागी के खिलाफ छेड़छाड़ व अपहरण के प्रयास के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। उधर, पकड़े गए युवकों का कहना था कि वह तो बर्थ डे सेलीब्रेट करने घर पहुंचे थे।