मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने घर से चोरी का खुलासा कर आरोपी को पकड़ा और लाखों के जेवरात बरामद किए। आरोपी ने कोतवाली के लॉकअप में हाथ की नस काटकर आत्महत्या की कोशिश की। पुलिस ने डॉक्टरी के बाद चालान कर दिया है।
नईमंडी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांधीनगर निवासी जयभगवान शर्मा 26 जनवरी की रात घर में सो रहे थे। इस दौरान घर से लाखों के जेवरात चोरी कर लिए गए थे। सुबह को पता चलने पर तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर दिया था।
कोतवाली पुलिस की ओर से बताया गया कि बृहस्पतिवार रात एसडी कॉलेज के पास से एक युवक के हाथ में थैला देखकर शक के आधार पर रोका गया। तलाशी लेने पर बैग में करीब सात लाख रुपये की कीमत के जेवरात बरामद हुए।
इस पर युवक को कोतवाली लाकर सख्ती से पूछताछ की गई। इस दौरान आरोपी ने खुद को अग्रसेन विहार निवासी नीरज बताया। पता चला कि यह जेवरात जयभगवान के घर से चुराए गए थे। इस पर जयभगवान और उनकी पत्नी ऊषा ने पहुंचकर जेवरात पहचान लिए।
बताया कि यह जेवरात उनके घर से चोरी किए गए थे। पुलिस ने रात के समय आरोपी को कोतवाली के लॉकअप में रखा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक नीरज ने बंदीगृह में पड़ी अंगूठी को तोड़कर उसे हाथ की नस पर रगड़कर काट ली। खून बहता हुआ देखकर पुलिसकर्मी ने शोर मचाकर स्टाफ को बुलाया।
कोतवाली में हड़कंप मच गया। बंदीगृह से आरोपी को बाहर निकाला गया। साथ ही डॉक्टर को बुलाकर परीक्षण कराया। मरहम पट्टी के बाद दुबारा लॉकअप में बंद किया।
आरोपी ने बेगुनाह होने के बावजूद फंसने से निराश होकर आत्महत्या की कोशिश की। इंस्पेक्टर राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि चोरी का खुलासा कर जेवरात बरामद किए हैं। आरोपी के हाथ की चोट पर पट्टी बंधी है। मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया है।