मुजफ्फरनगर के खतौली में बैंकों से ऋण दिलवाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले दो युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। फोटो स्टूडियो की दुकान में छापा मारने पर पुलिस ने हजारों लोगों की आईडी भी बरामद कर अपने कब्जे में ले ली है।
जानसठ रोड स्थित एक फोटो स्टूडियो की दुकान में बैठकर तीन-चार युवक बैंकों से ऋण दिलवाने के नाम पर महिलाओं व पुरुषों से ठगी कर रहे थे। आरोप है कि ये युवक एक व्यक्ति से 1500 रुपये जमा कराते थे। मंगलवार को कुछ लोगों ने ऋण नहीं मिलने पर दुकान पर हंगामा खड़ा कर दिया। इस दौरान दुकान पर मौजूद ठगी करने वाले आरोपी युवकों की लोगों से नोकझोंक तक हो गई थी।
हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। हंगामा करने वाले लोगों ने पुलिस को ऋण के नाम पर ठगी करने के मामले की पूरी जानकारी दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दो आरोपी युवकों को पकड़ लिया। पुलिस ने फोटो स्टूडियो की दुकान में छापेमारी की तो, अंदर से हजारों की संख्या में लोगों की आईडी मिली। जिनको पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है। पुलिस पकड़े गए दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है।
इंस्पेक्टर पंकज कुमार त्यागी का कहना है कि हिरासत में लिए गए युवकों पर ठगी का आरोप है। आईडी भी मिली है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी। मामला सही पाए जाने पर आरोपियों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्जकर जेल भेजा जाएगा।