घर के बाहर सड़क पर चारपाई डालकर सोते समय चाय विक्रेता की गांव के ही युवकों ने गर्दन रेत कर हत्या कर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। मृतक के बड़े भाई ने गांव के ही दो आरोपियों के खिलाफ पुरानी रंजिश के चलते हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले रखा है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। बुधवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
शहर कोतवाली के बुढ़ाना मोड़ स्थित खांजापुर में राजू (27) पुत्र यशपाल सिंह रोड पर ही चाय की दुकान करता था। मंगलवार रात वह दुकान बंद कर दुकान के बाहर सड़क पर ही चारपाई डालकर सो गया था। बराबर में दूसरी चारपाई पर उसका साला झारखंड निवासी मिथुन सोया हुआ था। रात में करीब 12 बजे राजू की गर्दन रेतकर हत्या कर दी गई, जिस समय आरोपी घटना को अंजाम दे रहे थे, उसी समय राजू का हाथ साले को लगा तो वह उठ गया।
साले के उठते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। मिथुन ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के भाई मनोज ने पुरानी रंजिश का विवाद दिखाते हुए खांजापुर के ही संदीप और सुमित के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने सुमित को घेर से ही हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।
दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश
मुजफ्फरनगर। खांजापुर निवासी मृतक राजू के परिवार की आरोपी पक्ष से महिला को लेकर पुरानी रंजिश है। राजू का परिवार मूल रूप से भौराकलां के छोटा भौरा का रहने वाला है। करीब 20 वर्ष पूर्व यह परिवार गांव छोड़कर खांजापुर में आकर रहने लगा था। उधर, आरोपी सुमित पक्ष भी पीनना गांव के रहने वाले हैं। वह भी कई वर्षों से खांजापुर में रहने लगे थे। महिला को भगाकर ले जाने के आरोप में दोनों परिवारों में कई वर्षों से रंजिश चली आ रही है। मृतक की पत्नी नौ माह की गर्भवती है, एक दो दिन में उसकी डिलीवरी होने वाली है। राजू की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।