खतौली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान शातिर बदमाश इनाम उर्फ लंगड़ा को गिरफ्तार किया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। पकड़े गए बदमाश ने अपने साथियों के साथ खतौली में रमेश तनेजा क्लाथ शोरूम में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। वह अन्य लूट और डकैती की घटनाओं में भी शामिल रहा है। उसकी निशानदेही पर लूटी गई नकदी एवं गहने बरामद किए गए।
पुलिस लाइंस के सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि खतौली कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह बीती रात पुलिस बल के साथ गश्त पर थे। तभी सूचना मिली कि अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने के लिए जा रहे हैं। पुलिस ने गंगनहर पटरी मार्ग पर लोहे के पुल के पास बदमाशों की घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक बदमाश को बाइक सहित दबोच लिया, जबकि दो बदमाश भागने में सफल हो गए। पूछताछ में पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम इनाम उर्फ लंगड़ा उर्फ मेंबर पुत्र यासीन निवासी किदवईनगर, शहर कोतवाली तथा अपने फरार साथियों के शब्बू निवासी किदवईनगर व साबिर निवासी मदीना कालोनी बताए। एसपी सिटी ने बताया कि पकड़े गए बदमाश ने गत 22 फरवरी को खतौली में कपड़ा व्यापारी रमेश तनेजा के शोरूम में हुई लूट के अलावा जनवरी माह में हसनपुर लुहारी में विनोद लाला के यहां डकैती डालने के अलावा बीते वर्ष मेरठ के ट्रांसपोर्टनगर में एक व्यापारी से लूट सहित कई वारदात करने का इकबाल किया।
पुलिस ने इनाम की निशानेदही पर खतौली के मौहल्ला सर्राफान में रहने वाली उसकी रिश्तेदार के घर से लूट की रकम के 35 हजार नकद व हसनपुर लुहारी में लूटे गए गहने भी बरामद किए। इसके कब्जे से बाइक और 315 बोर का तमंचा भी मिला। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पकड़े गए बदमाश को जेल भेज दिया है। फरार अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है।