जानसठ (मुजफ्फरनगर)। जटवाड़ा गंगनहर में डूबे छात्र समीर का शव बुधवार को पुल के नीचे बने कुंड से बरामद हो गया। छात्र की आंखों पर चोट के निशान देख परिजन और क्षेत्रवासी भड़क गए। आक्रोशित लोगों ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए शव को सड़क पर रखकर हंगामा खड़ा कर दिया।
इससे नगर में तनाव के हालात पैदा हो गए। पांच थानों की पुलिस को बुलाना लिया गया। बाद में पुलिस ने बमुश्किल लोगों को समझा बुझाकर शांत किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। एहतियातन नगर में पुलिस और पीएसी बल तैनात कर दिया गया है।
मोहल्ला बेरियान निवासी समीर (14) पुत्र इस्माइल डीडीपीएस स्कूल मुजफ्फरनगर में कक्षा 10 का छात्र था। मंगलवार को वह अपने तीन दोस्ताें भारत पुत्र राजकुमार, शुभम पुत्र लोकेश एवं फैज पुत्र अरशद के साथ जटवाड़ा की गंगनहर पर नहाने के लिए गया था। नहाते समय समीर गंगनहर में डूब गया था। समीर के डूबने पर तीनों साथी घबराकर अपने घर चले आए थे। इन तीनों दोस्तों ने डर की वजह से किसी को कुछ नहीं बताया था।
समीर के शाम तक घर पर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और उसके दोस्तों से पूछताछ की थी। पहले तो तीनों ने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। सख्ती से पूछताछ करने पर बताया था कि समीर गंगनहर में डूब गया था। उन्होंने घर पर पिटाई होने के डर से किसी को कुछ नहीं बताया था। छात्र के गंगनहर में डूबने का पता चलने पर परिवार में कोहराम मच गया था। परिजनों व लोगों ने हंगामा खड़ा कर दिया था।
पुलिस ने रात में ही तीनों दोस्तों को हिरासत में लेकर गंगनहर पर सर्च अभियान चलाया। सीओ एसकेएस प्रताप ने रात में ही गंगनहर को बंद करा दिया था। बुधवार की सुबह जटवाड़ा गंगनहर का पानी समय कम हुआ तो पुलिस ने गोताखोरों और लोगों की मदद से छात्र के शव को तलाशना शुरू किया।
दोपहर तक शव गंगनहर में नहीं मिलने पर सीओ एसकेएस प्रताप ने पीएससी के गोताखोरों को मौके पर बुलाया। साथ ही नगर पंचायत जानसठ द्वारा जेबीसी मशीन मंगवाकर गंगनहर में रोका लगवाया और पुल के नीचे बने कुंड का पानी निकलवाना शुरू किया। पानी निकलते ही समीर का शव पुल के नीचे कुंड से बरामद हो गया। शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। शव मिलने की खबर लगते ही कसबे से काफी संख्या में लोग गंगनहर पर पहुंच गए थे। मृतक समीर की आंख पर चोट के निशान देख परिजनों ने तीनों साथी छात्रों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। आक्रोशित लोगों की भीड़ ने शव को मोरना एवं ककरौली मार्ग पर रखकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सीओ ने छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन देकर भीड़ को बमुश्किल शांत किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समीर का शव कोतवाली के सामने पहुंचा तो परिजनों ने शव को रोककर फिर से हंगामा करना शुरू कर दिया। पुलिस ने एक बार फिर बमुश्किल परिजनों को समझाकर शांत किया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव मिलने पर नगर में तनाव के हालात उत्पन्न हो गए थे। नगर का माहौल बिगडने से रोकने के लिए पांच थानों ककरौली, भोपा, मीरापुर, रामराज, सिखेड़ा की पुलिस को मौके बुलवाया लिया गया था। एहतियातन नगर में पुलिस और पीएसी बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल नगर में शांति है।