खतौली पुलिस ने मुठभेड़ में चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक तमंचा, दो चाकू और एक छुरी के साथ उनकी निशानदेही पर चोरी की पांच बाइकें बरामद की हैं। एसएसपी बबलू कुमार के आदेशानुसार वाहन चोरों के विरुद्ध अभियान एसपी सिटी व सीओ हरिराम यादव के निर्देशन में चलाया जा रहा है।
इंस्पेक्टर केपी सिंह ने पत्रकारों को बताया कि मंगलवार को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि गंगनहर पटरी हाईवे पुल के नीचे बदमाशों की सूचना मिली। सूचना पर वह अपने साथ एसआई सुनील नागर, एसआई मनोज कुमार, एसआई नरेंद्र सिंह सहित पुलिस बल को लेकर पुल के नीचे पहुंचे। टीम को चार बदमाश दो बाइकों पर आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने इन बदमाशों को रुकने का इशारा किया। बदमाशों ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग करनी शुरू कर दी और भागने लगे।
इस हड़बड़ी में बदमाशों की दोनों बाइक फिसल कर गिर गई। बदमाश भी नीचे गिर गए। गिरते ही पुलिस ने चारों बदमाशों को दबोच लिया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, दो चाकू और एक छुरी बरामद की। पुलिस ने बदमाशों की निशानदेही पर चोरी की पांच बाइक बरामद की है। पकडे़ गए बदमाशों ने अपने नाम मोहल्ला इस्लामनगर निवासी तंजीम पुत्र जाकिर, गुड्डू उर्फ शाहनवाज पुत्र जाफर, गुलजार पुत्र अमीर आजम व मोहल्ला देवीदास निवासी शादाब पुत्र राशिद बताए हैं। पुलिस ने इन बदमाशों को जेल भेज दिया है।
मेरठ के कल्लू कबाड़ी को बाइक बेचते थे
खतौली। इंस्पेक्टर केपी सिंह ने बताया कि ये बदमाश खतौली क्षेत्र के अलावा दिल्ली, गाजियाबाद से बाइकों को चोरी करते थे और मेरठ के कल्लू कबाड़ी को मात्र 8 हजार रुपये में बेचते थे। इन बदमाशों ने बताया कि अब तक इन बदमाशों ने 19 बाइक चोरी की हैं। गिरोह के सरगना सहित चार बदमाश फरार है। जिनको पकड़ने के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।
लूट और चोरी करने वाली तीन महिलाएं गिरफ्तार
जानसठ। बसों और ट्रेनों में चोरी एवं लूट करने वाली महिला गैंग की तीन महिला सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से साढ़े तीन लाख रुपये के जेवरात बरामद किए हैं। सीओ एसकेएस प्रताप एवं इंस्पेक्टर अमरदीप लाल के निर्देशन में पुलिस टीम ने बसों और ट्रेनों में चोरी और लूट करने वाली गैंग की तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। मुजफ्फरनगर निवासी शाइस्ता अपनी रिश्तेदारी गांव कन्हेड़ा में शादी समारोह में आई हुई थी।
शाहिस्ता शादी से अपने घर मुजफ्फरनगर जा रही थी, जैसे ही वह जानसठ बस अड्डे से मुजफ्फरनगर के लिए बस में बैठी तो तीन महिलाओं ने पर्स चोरी कर लिया। पर्स चोरी का अहसास होते ही महिला ने शोर मचा दिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम बनाकर मदन बिष्ट, सुरेशपाल सिरोही, ओमकार, संदीप, नीटू, चौहान एवं स्वयं प्रभा ने जानसठ की बसों की घेराबंदी कर तीन संदिग्ध महिलाओं को पकड़ लिया।
महिलाओं के पास तलाशी लेने पर साढ़े तीन लाख रुपये के जेवर पुलिस ने बरामद किए। महिलाओं से पूछताछ करने पर उन्होंने कई घटनाओं का खुलासा किया। पूछताछ में महिलाओं ने अपने नाम कविता पत्नी संजय, लक्ष्मी पत्नी धीरज, बेबी पुत्री डुमिया निवासी महाराष्ट्र व हाल निवासी साईं मंदिर थाना सिविल लाइन मुजफ्फरनगर बताया। पुलिस ने तीनों महिलाओं को जेल भेज दिया है।