मुजफ्फरनगर के खतौली में एसडीएम और सीओ ने पुलिस बल के साथ पटाखा पकड़ने के लिए मकानों और दुकानों पर छापामारी की। छापामारी के दौरान एक मकान में पटाखे पकड़े गए। पुलिस ने मकान में रखे पटाखों वाले कमरे पर सील लगा दी। एक व्यापारी अपने मकान का ताला बंद करके फरार हो गया।
रविवार को एसडीएम व सीओ ने पुलिस बल को साथ लेकर मोहल्ला जैननगर में प्रमोद जैन के मकान पर छापा मारा। मकान में छापामारी करने पर कमरे में हजारों रुपयों के पटाखे मिले। पुलिस ने उस मकान के कमरे में सील लगा दी। इसके बाद मोहल्ला पक्का बाग में छापा मारा। छापामारी से पूर्व ही मकान मालिक मदन ताला लगाकर परिवार समेत फरार हो गया था। अधिकारियों ने अशोका मार्केट में व्यापारियों की दुकानों पर छापामारी की। पुलिस को छापामारी के दौरान दुकानों में पटाखे नहीं मिले। इसके अलावा भी कई स्थानों पर छापामारी की गई। एसडीएम कन्हई सिंह का कहना है कि इस बार दीपावली पर किसी भी सूरत में पटाखे नहीं बिकने दिए जाएंगे।
सुहैली में पटाखा फैक्ट्री सीज
पुरकाजी। एसडीएम सदर शीतल प्रसाद गुप्ता ने बताया कि फैक्ट्री में मौके पर मिले बने और अधबने पटाखों और पटाखे बनाने की सामग्री को फैक्ट्री में ही सील कर दिया गया है। इस दौरान सीओ सदर योगेंद्र सिंह और पुलिस फोर्स मौजूद रहा।
पटाखा के गोदाम पर लगाई सील
चरथावल। एसडीएम सदर शीतल प्रसाद गुप्ता और सीओ सदर योगेंद्र सिंह ने कस्बे में लाइसेंसधारी पटाखा बनाने वाले के गोदाम पर सील लगा दी। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में नगर में पटाखे नहीं बिकने दिए जाएंगे। रविवार को दोनों अधिकारियों ने कस्बा प्रभारी नरेश भाटी और पुलिस बल को लेकर मोहल्ला तीरग्रान में पटाखा बनाने वाले रियासत के घर पर छापा मारा। हालांकि मौके पर पटाखे बनाने के लाइसेंस होल्डर रियासत के यहां कोई नया निर्माण नहीं मिला। एक गोदाम में पटाखे का स्टॉक मिला। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए पहली नवंबर तक गोदाम को सील कर दिया। एसडीएम ने बताया कि यदि गुपचुप पटाखे बेचते कोई मिला तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। अफसरों ने कस्बे के बाजार में भ्रमण कर जायजा लिया।