लूट की घटना के बाद पेट्रोल पंप पर पूछताछ करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
छपार के बरला-देवबंद मार्ग पर गांव कुतुबपुर रजवाहे के पास पेट्रोल पंप के सेल्समैन से बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे से फायर करके दो लाख रुपये लूट लिए। बाद लुटेरे देवबंद की ओर फरार हो गए। घंटों बाद पहुंची पुलिस ने बदमाशों को तलाश किया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
जनपद सहारनपुर के थाना देवबंद के गांव गोपाली में बरला-देवबंद मार्ग पर पेट्रोल पंप है। जिसका मालिक प्रवीण शर्मा रुड़की में रहता है। बृहस्पतिवार को साढ़े तीन बजे सेल्समैन भगवानपुर के गांव सरठेडी निवासी रोहित कुमार अपनी बाइक से दो लाख पांच हजार रुपये लेकर रुड़की के लिए चला था। जब वह थाना छपार के बरला-देवबंद मार्ग पर गांव कुतुबपुर के पास रजवाहे के निकट पहुंचा तो पीछे से एक बाइक पर दो बदमाश हेलमेट लगाकर आए।
बदमाशों ने सेल्समैन को रुकने के लिए कहा, जब वह नहीं रुका तो तमंचे से उस पर फायर झोंक दिया। जिससे घबरा कर वह गिर गया। बदमाशों उसके साथ मारपीट कर रुपये लूट लिए और वापस देवबंद की ओर फरार हो गये। सेल्समैन ने सौ नंबर पर फोन किया। फिर भी लगभग एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। देवबंद पुलिस भी आ गई। बदमाशों को काफी तलाश किया। उनका कोई पता नहीं चल सका। सूचना पर पेट्रोल पंप मालिक भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस जांच में लगी है।