मीरापुर में पुलिस वर्दी में आए आधा दर्जन बदमाशों ने फल विक्रेता के परिवार को बंधक बनाकर डकैती डाली। लुटेरे घर में रखी 27200 की नगदी और चार हजार की कीमत के चांदी के जेवर लूटकर ले गए। वारदात से गांव में दहशत पसरी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दी है।
मेरठ के मवाना निवासी शहजाद पुत्र जाकिर मोदीपुरम में ठेली पर फल बेचने का काम करता है। थाना क्षेत्र के मुकल्लमपुरा गांव में शहजाद पत्नी सोनम और छह बच्चों के साथ कच्चे मकान में रहता है। रविवार रात करीब साढे़ ग्यारह बजे पुलिस वर्दी पहने आधा दर्जन बदमाश खुद को पुलिस बताकर शहजाद के घर में घुस गए और हथियारों के बल पर दंपति को बंधक बना लिया। बदमाशों ने घर में रखी 27200 की नगदी और चार हजार की कीमत के चांदी की चुटकी और पाजेब आदि लूट लिए।
बदमाश करीब 40 मिनट तक पीड़ित के घर में रहे। बाद में जाते हुए पीड़ित का मोबाइल लूट लिया, जिसका बाद में सिम निकालकर ले गए और फोन को वहीं फेंक दिया। वारदात से पीड़ित परिवार में दहशत पसरी हैं। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित परिवार ने शोर मचाया तो ग्रामीण जागे और मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से घटना की जानकारी ली। सीओ एसकेएस प्रताप और प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने पीड़ित से घंटों पूछताछ की। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर दी है।
मालदार परिवार की जानकारी मांग रहे
मीरापुर। फल विक्रेता के घर में डकैती डालने आए बदमाश पीड़ित से गांव के मालदार परिवार की जानकारी कर रहे थे। बदमाशों ने पीड़ित से यहां तक कहा कि यदि वो गांव के रईस परिवार के बारे में जानकारी देगा तो लूटा हुआ माल उसे वापस कर दिया जाएगा। पीड़ित परिवार ने जानकारी देने से मना कर दिया।