काशीपुर रोड स्थित गांव भगवानपुर में पांच एकड़ जमीन के विवाद में दो पक्षों के बीच सोमवार सुबह टकराव हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों की तरफ से हवाई फायरिंग भी हुई, जिससे गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने भी मामले की पड़ताल की। बाद में दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे, जहां उन्होंने एक-दूसरे पर आरोपी-प्रत्यारोप लगाते हुए तहरीर सौंपी। इस मामले में पुलिस ने अभी किसी भी पक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज नहीं किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
काशीपुर रोड स्थित ग्राम भगवानपुर में पांच एकड़ कृषि भूमि विवादित है। सोमवार सुबह इसमें खेती के लिए एक पक्ष ने रुद्रपुर शहर निवासी सिंचाई की तैयारी करने लगा तो गांव के ही दूसरे पक्ष ने इसे जबरन जमीन कब्जाने की नीयत बताकर पुरजोर विरोध किया। बताया जाता है कि इस जमीन पर कब्जे के लिए वर्ष 2006 में ही गांव के एक प्रधान की हत्या भी हो चुकी है, इसी के चलते जमीन की सिंचाई करने पर गांव के ही दूसरे पक्ष ने जमीन को अपना बताते हुए विरोध किया और सिंचाई करने पहुंचे एक पक्ष के लोगों को गांव से भगा दिया।
इसकी सूचना मिलने पर रुद्रपुर शहर निवासी दूसरे पक्ष ने कुछ अन्य लोगों को मौके पर भेजा, जहां दोनों पक्षों में टकराव हो गया और नौबत हवाई फायरिंग तक आ गई। मामला कोतवाली पुलिस के संज्ञान में पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली में बुलाया, जहां दोनों पक्षों ने पांच एकड़ जमीन को अपनी बताकर इस बारे में लिखित तहरीर दी। उधर इस बारे में कोतवाल नित्यानंद पंत का कहना है कि जमीन का विवाद कोर्ट में चल रहा है। इसमें दोनों पक्षों की बात सुनी गई है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है। इसकी जांच की जा रही है।