लालूखेड़ी गांव में बागपत जिले के गांव कुरडी नांगल निवासी प्रेमी ने रात में शादीशुदा प्रेमिका के घर में घुसकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। उसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली।
लड़की की दो माह पहले पानीपत निवासी युवक से शादी हुई थी। वह छोटी बहन की शादी में शामिल होने आई थी। हत्यारोपी प्रेमी को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है। मृतका के पिता ने तितावी थाने में आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
तितावी थाना क्षेत्र के गांव लालूखेड़ी निवासी पुष्पेंद्र गर्ग के यहां 29 अप्रैल को छोटी बेटी मनीषा की शादी है। शादी में शामिल होने के लिए उनकी बड़ी बेटी अंजलि अपनी ससुराल पानीपत से 20 अप्रैल को लालूखेड़ी आई थी। अंजलि की भी दो माह पूर्व ही शादी हुई थी। शनिवार रात करीब तीन बजे बागपत जिले के छपरौली थाना क्षेत्र के गांव कुरडी नांगल निवासी सन्नी पुत्र प्रेमपाल फौजी बाइक से लालूखेडी अंजलि से मिलने उसके घर पहुंचा।
घर के बराबर में पड़े खाली मकान में दोनों के बीच बातचीत होने लगी, दोनों में किसी बात को लेकर नाराजगी हो गई। तैश में आए सन्नी ने अंटी से तमंचा निकालकर अंजलि की कमर में गोली मार दी।
गोली अंजलि के शरीर से पार निकलकर सामने दीवार में लगी। घायल अवस्था में अंजलि घर से बाहर की ओर दौड़ी और मेन गेट के पास आकर गिर पड़ी और वहीं उसकी मौत हो गई। उधर, आरोपी मौके से भागकर गांव के बाहर खड़ी अपनी बाइक के पास पहुंचा और उसने भी खुद को गोली मार ली। दाएं सीने में गोली लगने से वह घायल हो गया।
अंजलि की मौत पर उसके घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। सुबह ग्रामीण खेतों पर जाने लगे तो खेत में घायल अवस्था में सन्नी पड़ा हुआ मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे मेरठ रेफर कर दिया गया है। पुष्पेेंद्र गर्ग ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा तितावी थाने में दर्ज कराया है। एसओ मुनेंद्र पाल सिंह का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। कई बिंदुओं पर जांच चल रही है।