प्रधानाध्यापक के मकान में पड़ी डकैती का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से नगदी और जेवरात सहित हथियार भी बरामद किए हैं। बाकी फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है।
रतनपुरी थाने के इंसपेक्टर सर्वेश कुमार ने बताया कि मंडावली खादर में मंगलवार रात प्रधानाध्यापक सुरेंद्र कुमार पुत्र मदन पाल के मकान में घुसकर दो दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने पूरे परिवार को बंधक बना लिया था।
बदमाश हजारों रुपयों की नगदी सहित सोने-चांदी के जेवरात सहित करीब नौ लाख रुपये का सामान लूट लिया था। इस डकैती को डालने वाले शामली के थानाभवन क्षेत्र के गांव हींड निवासी कुर्बान पुत्र इंतजार, सहारनपुर के ननौता निवासी भूरा उर्फ नवाजीराव पुत्र असगर व तीसरा बदमाश गांव भनवाड़ा निवासी इस्तकबाल पुत्र तौसीन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इनके कब्जे से 5400 रुपये सहित सोने-चांदी के जेवरात, दो तमंचे, एक मकसट और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि इन तीनों बदमाशों ने अपने अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं। शीघ्र ही बाकी फरार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।