पुलिस ने दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग के गांव सिकरेड़ा के पास वाहन चालक की साजिश से लूटे गए डेढ़ लाख रुपये बरामद कर लूट में शामिल पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाशों से बाइक, तमंचा, लूट में प्रयुक्त मोबाइल और पिकप बरामद करने का दावा किया है।
एसओ जयभगवान यादव ने बताया कि मंगलवार शाम आफताब पुत्र जहांगीर निवासी खिजनावर, थाना फतेहपुर, जनपद सहारनपुर पिकप से बरेली से आम बेचकर आ रहा था। पिकप के चालक गुलफाम पुत्र इकबाल व हेल्पर इसरार पुत्र शकूर
निवासीगण ग्राम भनेड़ा थाना देवबन्द की नीयत खराब हो गई। चालक गुलफाम ने अपने परिचित तीन बदमाशों सरफराज पुत्र यासीन निवासी खेडी सराय थाना मीरापुर, शफाकत पुत्र मोहब्बत व अरशद पुत्र आस मोहम्मद निवासीगण ग्राम अकबरपुर थाना बहसूमा, जिला मेरठ को अपने मोबाइल से डेढ़ लाख रुपये लेकर मीरापुर की ओर आने की सूचना दी।
बदमाशों से मिलीभगत कर चालक गुलफाम ने गांव सिकरेड़ा के निकट पिकप लूटने का नाटक रचा। योजना के अनुसार तीनों बदमाश एक बाइक पर आए और उन्होंने सिकरेड़ा के पास हाथ का इशारा कर पिकप को रोक लिया और तमंचे के बल पर आफताब से डेढ़ लाख रुपये लूट लिए।
बाग ठेकेदार आफताब ने घटना की पुलिस को जानकारी दी तो पुलिस ने सबसे पहले चालक गुलफाम और हेल्पर इसरार से गहन पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने पूरी घटना पुलिस को बता दी। पुलिस ने मंगलवार रात को ही लूट में शामिल सरफराज, शफाकत व अरशद को लूटे गए डेढ़ लाख रुपये के साथ गिरफ्तार कर लिया। इन बदमाशों से लूट में शामिल बाइक और एक तमंचा कारतूस सहित बरामद किया। पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया है।