तितावी। धलौरी में एक परिवार को बेहोश कर चोर घर में रखे 90 हजार रुपये चोरी कर ले गए। यह रकम पिता की तेरहवीं में खर्च के लिए रखी थी। परिवार के साथ घर का कुत्ता भी बेहोश मिला। परिवार के लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
धलौरी निवासी रमेश गुरुवार रात पत्नी मुनेश, पुत्र रवित, पुत्री मोनी के साथ खाना खाकर सो गया था। शुक्रवार सुबह काफी देर तक परिवार से कोई नहीं जगा तो आसपास के लोगों ने मकान के दरवाजे को खोलकर देखा तो पूरा परिवार बेहोश पड़ा था।
आसपास के लोगों ने तुरंत डॉक्टरों को बुलाकर दिखाया तो उन्होंने सभी को नशीला पदार्थ खिलाने की बात बताई। हालत खराब होने के चलते सभी को जिला चिकित्सालय उपचार के लिए भिजवाया। बाद में ग्रामीणों ने पानीपत में नौकरी करने वाले रमेश के बड़े पुत्र मोहित को बुलवाया और मामले की जानकारी दी।
परिजनों के मुताबिक रात में घर में तौरी की सब्जी बनी थी और बाद में सभी ने दूध भी पिया था। बेहोश रमेश के बड़े भाई नरेश ने थाने में तहरीर देकर बताया कि घर में 27 सितंबर को उनके पिता की तेरहवीं का कार्यक्रम है।
जिसके लिए तीनों भाइयों ने बराबर पैसे देकर 90 हजार रुपये इकट्ठा कर रमेश को दिए थे। इन रुपयों को चोर परिवार को बेहोश कर चोरी कर ले गए है। एसओ का कहना है कि मामला संदिग्ध लग रहा है। मामले की जांच की जा रही है।