मुजफ्फरनगर। आबकारी विभाग और पुलिस ने अवैध शराब को लेकर अभियान चलाया। टीम ने अवैध शराब, एक बाइक, एक कार और एक ट्रक भी पकड़ा।
जिला आबकारी अधिकारी करुणेंद्र सिंह के निर्देश पर आबकारी निरीक्षक अवधेश मिश्रा और रविंद्र किशोर ने शाहपुर, जानसठ और मंसूरपुर थाना क्षेत्रों में अवैध शराब लाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। टीम ने इस दौरान मंसूरपुर के सोहजनी तगान, शाहपुर के कुटबा-कुटबी और जानसठ के भलवा चौक से हरियाणा और अरुणाचल प्रदेश मार्का की 530 पेटी अवैध शराब की पकड़ी। पकड़ी गई शराब की कीमत 17 लाख रुपये है।
टीम ने आरोपियों से बाइक, कार और ट्रक भी पकड़ा है। टीम ने मंसूरपुर के जोहरा निवासी परविंद्र पुत्र मांगेराम को गिरफ्तार किया है। इसी बीच मौका पाकर मंसूरपुर के पुरबालियान निवासी नितिन और प्रवीण पुत्रगण कंवरपाल और शाहपुर के कुटबा-कुटबी निवासी अमित पुत्र भोपाल और बारु पुत्र सोमपाल भाग गए। सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार शराब जिले में चल रहे पंचायती चुनावों के लिए लाई गई थी।
आठ लाख की हरियाणा मार्का शराब पकड़ी
मंसूरपुर। पुलिस ने पंचायत चुनाव में मतदाताओं को पिलाने के मंगाई हरियाणा मार्का की आठ लाख रुपये की शराब पकड़ी। पुलिस को देखकर आरोपी फरार। मौके से पुलिस ने एक बाइक भी बरामद की। पुलिस ने दो भाइयों के साथ अन्य एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है।
इंस्पेक्टर चरण सिंह यादव ने पत्रकारों को बताया कि पिछले कई दिन से मुखबिर द्वारा सूचना मिल रही थी कि पंचायत चुनाव में प्रत्याशियों द्वारा मतदाताओं को लुभाने के लिए हरियाणा से शराब मंगाई जा रही है। शनिवार की रात करीब 12 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस गांव पुरबालियान में रजवाहे की पुलिया पर पहुंची। पुलिस को देख कर आरोपी भाग निकले।
पुलिस ने रजवाहे के पास से शराब की 250 पेटी शराब और मौके पर खड़ी आरोपियों की बाइक बरामद की। इंस्पेक्टर ने बताया कि इन पेटियों में हरियाणा मार्का के पांच हजार 760 पव्वे मिले हैं, जिनकी कीमत आठ लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांव पुरबालियान निवासी दो सगे भाइयों प्रवीण व नितिन सहित एक अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।