चर्चित हाईवे गैंगरेप कांड में कोर्ट ने पुलिस को लापता पीड़िता को 15 अक्तूबर को अदालत में पेश करने के आदेश दिए हैं। कोर्ट का आदेश मिलने पर एसएसपी ने सीओ सिटी के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम का गठन कर दिया है। यह टीम लापता पीड़िता को तलाशने में जुटी है। रेपकांड की इस पीड़िता के कोर्ट में बयान होने हैं, जबकि दूसरी पीड़िता के बयान हो चुके हैं।
पांच साल पूर्व दिल्ली-दून हाईवे पर हुए चर्चित गैंगरेप कांड की सुनवाई यहां फास्ट ट्रैक कोर्ट प्रथम में चल रही है।
इस मुकदमे में अभी तक एक पीड़िता समेत नौ लोगों के कोर्ट में बयान हो चुके हैं, एक पीड़िता के बयान अभी होने बाकी हैं, मगर वह काफी समय से कोर्ट में पेश नहीं हो पा रही है। पुलिस ने उसे लापता बताया है। इस मुकदमे में एफटीसी प्रथम कोर्ट में 15 अक्तूबर की तारीख लगी है। न्यायाधीश राजेश भारद्वाज ने पुलिस को 15 अक्तूबर तक लापता गैंगरेप पीड़िता को तलाश कर कोर्ट में पेश करने के आदेश दिए हैं।
कोर्ट का आदेश मिलने से पुलिस में अफरातफरी मची है। एसएसपी दीपक कुमार ने सीओ सिटी डॉ तेजवीर सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की है, जिसे लापता पीड़िता को तलाश कर कोर्ट में पेश करने के आदेश दिए गए हैं। टीम में सिविल लाइन इंस्पेक्टर, एक उप निरीक्षक और दो सिपाही शामिल किए गए हैं। टीम अब इस लापता पीड़िता की तलाश में जुटी हुई है।
एक पूर्व विधायक के चचेरे भाई हैं आरोपी
चर्चित हाईवे गैंगरेप कांड साढ़े पांच साल पहले हुआ था। तत्कालीन बसपा विधायक के चचेरे भाइयों पर अपने साथियों के साथ हाईवे पर दिल्ली की दो युवतियों ने गैंगरेप करने का आरोप लगाया था। तब इस कांड की गूंज लखनऊ से लेकर दिल्ली तक गई थी। 21 जून 2011 को नई दिल्ली की दो युवतियां अपने साथी के साथ मसूरी से घूमकर लौट रही थीं। वहलना बाईपास नेशनल हाईवे पर पूर्व विधायक के चचेरे भाइयों ने साथियों के साथ उनकी कार को रुकवाकर दोनों युवतियों को अगवाकर गैंगरेप किया गया था।
गैंगरेप करने वालों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल थे। दिल्ली निवासी अंशुल जैन ने सिविल लाइन थाने पर पूर्व विधायक के चचेरे दो भाइयों, दोनों सिपाहियों समेत सात लोगों के खिलाफ अपहरण एवं गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अब यह मुकदमा कोर्ट में ट्रायल पर है। एक पीड़िता, तत्कालीन एसओ सिविल लाइन संजय वाजपेयी, तत्कालीन एसडीएम सदर बिजेंद्र सिंह समेत नौ लोगों के बयान हो चुके हैं। मगर अभी तक दूसरी पीड़िता के बयान नहीं हो सके हैं, जिसे लापता बताया जा रहा है।